भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में मनोरंजन के साथ-साथ विवाद भी लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। शो के आने वाले एपिसोड का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े सितारे पवन सिंह और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' साथ नजर आ रहे हैं। प्रोमो में दोनों तेज प्रताप यादव से जुड़े पुराने बयान देखते हैं, जिसके बाद माहौल काफी गरम होता दिखाई देता है।

तेज प्रताप ने भोजपुरी सितारों पर साधा था निशाना

शो के शुरुआती एपिसोड्स में तेज प्रताप यादव भोजपुरी कलाकारों और भोजपुरी समाज को लेकर अपनी बातें रखते दिखाई दिए थे। इसी दौरान उन्होंने पवन सिंह और निरहुआ की तस्वीरें कुछ लोगों को दिखाईं और उनके बारे में प्रतिक्रिया मांगी।

पवन सिंह की तस्वीर सामने आने पर तेज प्रताप ने उन्हें लेकर नकारात्मक टिप्पणी की थी। इसके बाद जब दिनेश लाल यादव की तस्वीर दिखाई गई, तो एक महिला ने भोजपुरी फिल्में देखने में अपनी रुचि न होने की बात कही। तेज प्रताप ने भी उस टिप्पणी से सहमति जताते हुए निरहुआ के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

वायरल हुआ तस्वीरें फेंकने वाला सीन

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई, जब तेज प्रताप यादव ने भोजपुरी सितारों की तस्वीरों को हाथ से हटा दिया था। शो के इस हिस्से को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने काफी प्रतिक्रिया दी थी।

हालांकि उस समय पवन सिंह और निरहुआ की ओर से इस मामले पर कोई सीधा रिएक्शन देखने को नहीं मिला था। अब नए प्रोमो में पहली बार दोनों सितारे वही वीडियो देखते नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अंजना सिंह की AI तस्वीरों पर बवाल, खेसारी पर FIR

वीडियो देखकर भड़के निरहुआ

प्रोमो में पवन सिंह और निरहुआ एक साथ बैठे दिखाई देते हैं। दोनों फिश पेडिक्योर करवाते हुए टीवी पर 'भोजपुरी बवाल' का पुराना एपिसोड देख रहे होते हैं। जैसे ही तेज प्रताप के बयान वाला हिस्सा सामने आता है, निरहुआ का गुस्सा साफ नजर आने लगता है।

वीडियो देखने के बाद निरहुआ कहते हैं कि अगर उन्हें इस तरह नीचा दिखाने की कोशिश की जाएगी तो इसके परिणाम की जिम्मेदारी भी उसी व्यक्ति की होगी। उनके अंदाज से साफ पता चलता है कि तेज प्रताप की टिप्पणियां उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आईं।

पवन सिंह ने साधी चुप्पी

जहां निरहुआ खुलकर नाराजगी जाहिर करते नजर आए, वहीं पवन सिंह पूरे प्रोमो में अपेक्षाकृत शांत दिखाई देते हैं। उन्होंने इस दौरान कोई बड़ा बयान नहीं दिया, लेकिन उनके चेहरे के भावों से असहजता और नाराजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अब सवाल यह है कि शो के अगले एपिसोड में पवन सिंह और निरहुआ इस पूरे मामले पर क्या कहते हैं। क्या तेज प्रताप यादव के पुराने बयानों को लेकर कोई सीधा टकराव देखने को मिलेगा या मामला सिर्फ बहस तक सीमित रहेगा? इसका जवाब आने वाले एपिसोड में मिलेगा।

क्या बढ़ेगा भोजपुरी बवाल?

'भोजपुरी बवाल' का यह प्रोमो सामने आने के बाद शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। एक तरफ तेज प्रताप यादव के पुराने बयान हैं, तो दूसरी ओर भोजपुरी इंडस्ट्री के दो बड़े सितारों की नाराजगी दिखाई दे रही है। ऐसे में आने वाला एपिसोड शो के सबसे चर्चित हिस्सों में से एक हो सकता है।

यह भी पढ़ें- काजल राघवानी का तीज सॉन्ग 'सेनूरा हवे मोर सुहाग' रिलीज