भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री अंजना सिंह इन दिनों एक गंभीर विवाद को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ने आरोप लगाया है कि उनकी और उनकी 11 साल की बेटी की तस्वीरों के साथ AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इस मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब पर कुछ ऐसे वीडियो और तस्वीरें शेयर की जा रही थीं, जिनमें AI एडिटिंग के जरिए अंजना सिंह और उनकी बेटी की तस्वीरों को गलत तरीके से पेश किया गया। आरोप है कि इन तस्वीरों को भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव की तस्वीरों के साथ जोड़कर आपत्तिजनक रूप दिया गया।
अंजना सिंह ने इस मामले को अपनी और अपनी बेटी की गरिमा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए कार्रवाई का फैसला किया है।
खेसारी लाल यादव समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत
अंजना सिंह की शिकायत में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के अलावा उनके मैनेजर सोनू पांडेय, कृष्णा बेदर्दी और संजय यादव के नाम शामिल हैं। अभिनेत्री का आरोप है कि इन लोगों से जुड़े एक सोशल मीडिया फैन पेज के जरिए कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाई गई।
अंजना ने यह भी दावा किया कि उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें धमकी भरे संदेश, अभद्र टिप्पणियां और आपत्तिजनक कमेंट्स का सामना करना पड़ रहा है।
बेटी को लेकर जताई नाराजगी
अभिनेत्री ने अपनी बेटी को इस विवाद में शामिल किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि किसी भी मतभेद या विवाद में बच्चों को निशाना बनाना बेहद गलत है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है।
अंजना सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है और कुछ लोग लगातार उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुकी है दोनों के बीच अनबन
गौरतलब है कि अंजना सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच मतभेद की खबरें पहले भी सामने आती रही हैं। दोनों कलाकारों ने भोजपुरी इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम किया है और कई मौकों पर इनके बीच विवाद की चर्चाएं भी हुई हैं।
अंजना ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि करियर के शुरुआती दौर में खेसारी उनके साथ सफर किया करते थे। हालांकि, अब दोनों के बीच रिश्तों में दूरी नजर आ रही है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार है। AI से बनाए गए फर्जी और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर बढ़ते मामलों के बीच यह विवाद एक बार फिर डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराध पर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें- खेसारी - सोना डे का 'कमर तुरले पहिले' गाना हुआ वायरल

