सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कुशा कपिला के पूर्व पति जोरावर सिंह अहलूवालिया ने हाल ही में एक भावुक वीडियो शेयर कर अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की है। लंबे समय तक सोशल मीडिया से दूर रहने के बाद जोरावर ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उन्हें कई बड़े झटकों का सामना करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने अपनी शादी, कॉरपोरेट नौकरी और घर तक खो दिया। इन घटनाओं ने उनके आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित किया। अपने दर्द को बयां करते हुए उन्होंने खुद को 'लूजर' तक कह दिया।

गौरतलब है कि जोरावर और कुशा कपिला की शादी साल 2017 में हुई थी। हालांकि, साल 2023 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया था। अब जोरावर के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।

जोरावर सिंह अहलूवालिया ने क्यों बनाई सोशल मीडिया से दूरी?

जोरावर ने अपने वीडियो को 'हेलो लूजर' कैप्शन दिया है। इसमें उन्होंने बताया कि वह काफी समय से सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं थे। इसकी वजह उनका मानसिक स्वास्थ्य था। वह उस समय अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे और अपनी जिंदगी में कुछ बदलावों से गुजर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान वह कुछ बिजनेस के अवसरों पर भी काम कर रहे थे, जिनमें कैमरे के सामने आने की जरूरत नहीं थी। ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर लो प्रोफाइल रहना बेहतर समझा।

Zorawar Singh Ahluwalia Profile
Image Source: X

डायरी में लिखी कहानी पढ़कर भावुक हुए जोरावर

वीडियो में जोरावर ने अपनी डायरी का एक पन्ना पढ़कर सुनाया, जिसमें उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में हुए नुकसान के बारे में लिखा था। उन्होंने खुद को लूजर बताते हुए स्वीकार किया कि जिंदगी में उन्होंने कई ऐसी चीजें खो दीं, जो उनके लिए बेहद मायने रखती थीं।

जोरावर ने बताया कि वह अपनी शादी को संभाल नहीं पाए। इसके अलावा उन्हें अपनी कॉरपोरेट नौकरी और वह घर भी छोड़ना पड़ा, जिसे उन्होंने अपने सपनों के साथ बनाया था।

इन मुश्किलों ने उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बुरी तरह प्रभावित किया। वह लगातार दूसरों से अपनी तुलना करने लगे थे। इसकी वजह से उन्हें खुद के बारे में अच्छा महसूस करना भी मुश्किल हो गया था। उन्हें ऐसा लगने लगा था कि उन्होंने अपनी पुरानी पहचान भी खो दी है।

Also Read: सोनू निगम का फ्लाइट में हुआ खास स्वागत, फैंस ने गाए गाने

'छह बार गिरो तो सातवीं बार उठो', मुश्किलों के बाद भी नहीं मानी हार

जोरावर की डायरी में सिर्फ निराशा नहीं, बल्कि दोबारा जिंदगी शुरू करने की उम्मीद भी नजर आई। उन्होंने बताया कि अब वह खुद पर तरस खाना छोड़ चुके हैं और अपनी परिस्थितियों से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने अपनी सोच जाहिर करते हुए कहा, 'छह बार गिरो तो सातवीं बार उठो।'

जोरावर ने अपने सबसे बुरे दौर को याद करते हुए कहा कि जब वह रॉक बॉटम पर पहुंचे, तो उन्होंने रॉक बॉटम को भी खो दिया। हालांकि, उन्होंने इस मुश्किल समय में अपनी सेहत पर ध्यान देना शुरू किया और अपना वजन भी कम किया। अब वह खुद को असफल समझने वाली सोच से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं।

Kusha Kapila Profile
Image Source: X

बचपन से चुभता था 'लूजर' शब्द, अब खुद अपनाया

जोरावर ने वीडियो में बताया कि 'लूजर' शब्द उनके लिए नया नहीं है। बचपन में स्कूल के दिनों में जब दूसरे बच्चे उन्हें इस नाम से बुलाते थे, तो उन्हें काफी बुरा लगता था।

हालांकि, अब उन्होंने इसी शब्द को अपनी पहचान के एक हिस्से के रूप में स्वीकार करने का फैसला किया है। उनका कहना है कि भले ही उन्होंने जिंदगी में बहुत कुछ खोया है, लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा करना नहीं छोड़ा है। वह लगातार प्रयास करते रहेंगे और अपनी जिंदगी को दोबारा बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।

बादशाह ने जोरावर को दिया हौसला, कई सितारों ने किया सपोर्ट

जोरावर के इस वीडियो पर कई सेलेब्स और दोस्तों ने प्रतिक्रिया देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। इनमें रैपर और सिंगर बादशाह का कमेंट खास चर्चा में रहा।

बादशाह ने अपने संदेश में कहा कि भगवान की नेमतों को संभालने के लिए पहले इंसान के कंधों को मुश्किलों का बोझ उठाने के काबिल बनाया जाता है। उन्होंने जोरावर को भरोसा दिलाया कि यह कठिन समय उन्हें और मजबूत बनाएगा और एक दिन वह हीरे की तरह चमकेंगे।

Badshah Profile
Image Source: X

इसके अलावा अभिनेत्री आयशा खान, कुशाल टंडन और नौहीद सायरसी समेत कई लोगों ने भी उनके वीडियो पर कमेंट कर समर्थन जताया।

जोरावर का यह वीडियो उनकी जिंदगी के उस पहलू को सामने लाता है, जिसके बारे में अक्सर सोशल मीडिया पर बात नहीं होती। उनकी कहानी बताती है कि असफलताओं के बावजूद खुद पर भरोसा बनाए रखना और दोबारा शुरुआत करने की हिम्मत जुटाना कितना जरूरी है।

Also Read In Eng: Zorawar Singh Opens Up About Losing Marriage and Job