पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने शानदार अंदाज से फैंस का दिल जीतने में कामयाब रहे। इंदौर में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट में हजारों प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान सिंगर ने महाकाल का जयकारा लगाकर परफॉर्मेंस की शुरुआत की और मशहूर शायर राहत इंदौरी को उनकी शायरी के जरिए याद किया। हालांकि, कॉन्सर्ट के कुछ ऐसे पल भी सामने आए, जिन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। दिलजीत ने अपने नन्हे प्रशंसकों को स्टेज पर बुलाया, उनसे मुलाकात की और गले लगाकर उनका दिन खास बना दिया।
महाकाल का जयकारा लगाकर दिलजीत ने शुरू किया कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में शुरुआत से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सिंगर ने स्टेज पर पहुंचते ही महाकाल का जयकारा लगाया, जिसके बाद वहां मौजूद फैंस ने जोरदार तालियों और शोर के साथ उनका स्वागत किया।
दिलजीत का यह अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया। इसके बाद उन्होंने अपनी दमदार आवाज और शानदार परफॉर्मेंस से पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।

नन्हे फैन को स्टेज पर बुलाकर दिलजीत ने जीता दिल
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में सिंगर एक छोटे बच्चे को अपने पास स्टेज पर बुलाते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, नन्हा फैन अपने पसंदीदा कलाकार के लिए एक कपड़ा लेकर पहुंचता है, जिस पर पंजाबी भाषा में कुछ लिखा हुआ है। दिलजीत खुशी से उस कपड़े को स्वीकार करते हैं और उसे अपने पास रखकर कुछ देर तक परफॉर्म भी करते हैं।
दिलजीत का अपने छोटे फैन के तोहफे को इतना प्यार देना वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया। सोशल मीडिया पर भी इस पल की खूब चर्चा हो रही है।

नन्ही फैन ने दिलजीत को लगाया गले, दिया आशीर्वाद
कॉन्सर्ट का एक दूसरा वीडियो भी फैंस का ध्यान खींच रहा है। इसमें एक छोटी बच्ची स्टेज पर पहुंचकर दिलजीत दोसांझ से मुलाकात करती है और उन्हें गले लगा लेती है।
इतना ही नहीं, बच्ची अपने चहेते सिंगर को आशीर्वाद भी देती नजर आती है। दिलजीत का बच्ची के साथ यह प्यारा पल सोशल मीडिया यूजर्स को भावुक कर रहा है। सिंगर का बच्चों के प्रति यह अपनापन एक बार फिर उनके विनम्र स्वभाव को दिखाता है।
यह भी पढ़ें: YRF की पहली हॉरर फिल्म में वरुण धवन, रिलीज डेट का ऐलान
दिलजीत दोसांझ ने राहत इंदौरी को किया याद
इंदौर कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने शहर की साहित्यिक विरासत को भी सम्मान दिया। उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी को याद करते हुए उनकी एक चर्चित शायरी सुनाई।
उनकी शायरी ने कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसके अलावा दिलजीत ने फैंस के प्यार और समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
रात 10 बजे खत्म हुआ दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ ने अपने इंदौर कॉन्सर्ट में कई लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान 'खुदा गवाह', 'सांसों की माला' और 'किन्नी किन्नी' जैसे गानों पर फैंस जमकर झूमे।
पंजाबी गानों की धुन और दिलजीत की शानदार स्टेज परफॉर्मेंस ने पूरे कार्यक्रम में जोश बनाए रखा। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे आखिरी गाने के साथ कॉन्सर्ट का समापन हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए दिलजीत के वीडियो
दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट के वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कहीं वह नन्हे प्रशंसकों के साथ प्यार बांटते नजर आ रहे हैं, तो कहीं राहत इंदौरी की शायरी सुनाकर दर्शकों का दिल जीत रहे हैं।
महाकाल का जयकारा, बच्चों के साथ यादगार मुलाकात और राहत इंदौरी को श्रद्धांजलि ने इस कॉन्सर्ट को खास बना दिया। यही वजह है कि दिलजीत की परफॉर्मेंस के साथ-साथ उनके ये खूबसूरत पल भी चर्चा में हैं।
यह भी पढ़ें: शाह रुख खान की King की कहानी लीक? Reddit पर बड़ा दावा

