शाह रुख खान की अपकमिंग फिल्म 'किंग' रिलीज से पहले सुर्खियों में है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर फिल्म की कथित कहानी को लेकर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इस थ्योरी में शाह रुख खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और सुहाना खान के किरदारों से जुड़ा एक चौंकाने वाला ट्विस्ट बताया गया है। कहानी में प्यार, धोखा, परिवार और बदले का जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल सकता है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से इस कथित कहानी की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
Reddit पर वायरल हुई Shah Rukh Khan की 'King' की कहानी
'रामायण' के बाद अब दर्शकों की निगाहें शाह रुख खान की फिल्म 'किंग' (King) पर टिकी हुई हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस मल्टीस्टारर फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर और सुहाना खान समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म का पहला गाना 'तू मिल जाए' शाह रुख खान के जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया था। इसके बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
इसी बीच Reddit के एक यूजर ने फिल्म के कथित प्लॉट को लेकर एक थ्योरी शेयर की है। इस पोस्ट में कहानी के कई बड़े ट्विस्ट बताए गए हैं, जिनमें दीपिका के किरदार की मौत से लेकर सुहाना के बदले तक का पूरा घटनाक्रम शामिल है।

Shah Rukh Khan को दीपिका पादुकोण की हत्या का मिलेगा मिशन?
Reddit पर शेयर की गई थ्योरी के मुताबिक, अभिषेक बच्चन का किरदार शाह रुख खान को दीपिका पादुकोण के किरदार की हत्या करने का काम सौंपता है। दरअसल, दीपिका का किरदार अभिषेक के गैंग और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रहा होता है।
हालांकि, इस मिशन के दौरान शाह रुख और दीपिका एक-दूसरे के करीब आ जाते हैं। दोनों के बीच प्यार हो जाता है और दीपिका गर्भवती हो जाती हैं। इसके बाद वे शादी करने का फैसला करते हैं।
लेकिन उनकी प्रेम कहानी में उस वक्त बड़ा मोड़ आता है, जब अभिषेक शादी समारोह में पहुंचकर दीपिका को गोली मार देता है।

दीपिका की मौत के बाद जेल पहुंचेंगे शाह रुख खान?
पोस्ट में आगे दावा किया गया है कि दीपिका पर हमले के बाद शाह रुख खान का किरदार गुस्से में आ जाता है। वह अभिषेक के पीछे पड़ जाता है और उसके गैंग के कई सदस्यों को मार गिराता है।
हालांकि, इस बदले की लड़ाई का अंत शाह रुख के लिए अच्छा नहीं होता। आखिरकार पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेती है और उसे जेल जाना पड़ता है।
दूसरी तरफ, गंभीर रूप से घायल दीपिका को अस्पताल ले जाया जाता है, जहां वह एक बच्ची को जन्म देती हैं। इसके बाद वह अपनी बेटी को शाह रुख और रानी मुखर्जी के हवाले कर दम तोड़ देती हैं।
यह भी पढ़ें: समय रैना को हुमा कुरैशी का जवाब, बोलीं- तुम Toxic हो
सुहाना खान लेंगी मां की मौत का बदला?
Reddit की इस थ्योरी में सबसे बड़ा ट्विस्ट सुहाना खान के किरदार से जुड़ा है। पोस्ट के मुताबिक, रानी मुखर्जी शाह रुख और दीपिका की बेटी यानी सुहाना की परवरिश करती हैं।
लेकिन कहानी में एक और दुखद मोड़ आता है, जब अभिषेक बच्चन का किरदार रानी मुखर्जी की भी हत्या कर देता है। इसके बाद सुहाना अपने परिवार के साथ हुए अन्याय का बदला लेने का फैसला करती हैं।
बड़ी होने के बाद सुहाना की मुलाकात शाह रुख खान से होती है। फिर दोनों मिलकर अभिषेक और उसके आपराधिक साम्राज्य को खत्म करने की योजना बनाते हैं। इस तरह फिल्म में पिता-बेटी की जोड़ी के साथ बदले की कहानी आगे बढ़ सकती है।
हालांकि, यह पूरी कहानी Reddit यूजर की तरफ से शेयर की गई एक थ्योरी है। इसे फिल्म का आधिकारिक प्लॉट नहीं माना जा सकता।

'King' की कहानी पर फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन
Reddit पर वायरल हुई इस कहानी के बाद यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि यह कहानी 'कुछ कुछ होता है' का मसालेदार वर्जन लगती है।
वहीं, एक अन्य यूजर ने फिल्म को सामान्य बॉलीवुड मसाला एंटरटेनर बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह शाह रुख खान को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फिल्म जरूर देखेंगे।
कुछ यूजर्स के लिए फिल्म की कहानी से ज्यादा आकर्षण शाह रुख खान की मौजूदगी है। यही वजह है कि बिना आधिकारिक कहानी सामने आए भी 'किंग' को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा जारी है।

कब रिलीज होगी Shah Rukh Khan की फिल्म 'King'?
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही 'किंग' 25 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाह रुख खान के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और अनिल कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म की असली कहानी Reddit पर वायरल हुई इस थ्योरी से मिलती है या मेकर्स दर्शकों के लिए कोई बिल्कुल अलग ट्विस्ट लेकर आते हैं।
यह भी पढ़ें: YRF की पहली हॉरर फिल्म में वरुण धवन, रिलीज डेट का ऐलान

