'पंचायत' के फैंस के लिए बुरी खबर है। प्राइम वीडियो की इस पॉपुलर वेब सीरीज के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों को अभी फुलेरा गांव की नई कहानी देखने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर साफ कर दिया है कि 'पंचायत सीजन 5' साल 2026 में रिलीज नहीं होगा। इस खबर के सामने आते ही फैंस निराश हो गए हैं।

सीरीज के पिछले चारों सीजन को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। फुलेरा गांव की राजनीति, सचिव जी और प्रधान जी की नोकझोंक से लेकर बनराकस की मजेदार हरकतों तक, हर किरदार ने अपनी अलग पहचान बनाई है। चौथे सीजन के अंत में गांव की सत्ता क्रांति देवी के हाथों में चली गई थी। ऐसे में दर्शक यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि नई प्रधान की अगुवाई में फुलेरा गांव की व्यवस्था कैसी रहने वाली है।

Panchayat Season 5 Release Date: इस साल नहीं आएगा नया सीजन

'पंचायत' के पांचवें सीजन को लेकर काफी समय से चर्चा थी कि मेकर्स इसे 2026 के आखिर तक रिलीज कर सकते हैं। दर्शकों को भी उम्मीद थी कि साल खत्म होने से पहले उन्हें प्राइम वीडियो पर इस सीरीज की नई किस्त देखने को मिलेगी।

हालांकि, मेकर्स के ताजा ऐलान ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कंफर्म कर दिया गया है कि पंचायत सीजन 5 इस साल रिलीज नहीं होगा। फिलहाल इसकी नई रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है।

बनराकस ने मजेदार अंदाज में दी रिलीज न होने की जानकारी

मेकर्स ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया, जिसमें अभिनेता दुर्गेश कुमार अपने चर्चित किरदार भूषण शर्मा के रूप में दिखाई दिए। फुलेरा गांव में भूषण को बनराकस के नाम से जाना जाता है। वह क्रांति देवी के पति भी हैं।

शेयर किए गए पोस्टर में बनराकस गले में फूलों की माला पहने और हाथ जोड़कर खड़े नजर आ रहे हैं। इसके साथ एक अन्य पोस्टर में साफ लिखा है कि 'पंचायत सीजन 5 इस साल नहीं आएगा।'

पोस्ट के कैप्शन में मेकर्स ने मजेदार अंदाज अपनाते हुए लिखा, 'बताते हुए खेद है कि पंचायत का अगला सीजन कैद है।' मेकर्स के इस अनोखे ऐलान ने फैंस का ध्यान खींच लिया है।

यह भी पढ़ें: Rise and Fall 2 Winner: शहजाद पूनावाला बने विजेता

आसिफ खान ने पंचायत 5 की रिलीज टलने पर किया मजेदार कमेंट

पांचवें सीजन की रिलीज टलने की खबर पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी नाराजगी और निराशा जाहिर कर रहे हैं। इस बीच सीरीज में दामाद का किरदार निभाने वाले अभिनेता आसिफ खान का कमेंट भी चर्चा में आ गया है।

आसिफ खान ने मेकर्स की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'गजब खराब व्यवस्था है यार।' उनका यह कमेंट देखकर फैंस भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।

वहीं, दूसरे यूजर्स ने भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, 'प्रधान जी के टाइम पर सीजन टाइम पर आया करता था।' वहीं, एक अन्य यूजर ने क्रांति देवी की प्रधानी पर तंज कसते हुए लिखा, 'और दो क्रांति देवी को वोट।'

Panchayat Profile
Image Source: X

क्रांति देवी की प्रधानी में क्या होगा फुलेरा का हाल?

'पंचायत' के चौथे सीजन में गांव की राजनीति ने नया मोड़ लिया था। क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद अब पांचवें सीजन में कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

दर्शकों के मन में कई सवाल हैं। क्या सचिव जी और नए प्रधान के बीच तालमेल बैठ पाएगा? क्या बनराकस गांव की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करेगा? और क्या फुलेरा में पहले जैसी व्यवस्था वापस आएगी?

फिलहाल मेकर्स ने पांचवें सीजन की नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। इतना जरूर साफ हो गया है कि दर्शकों को 2026 में इस सीरीज का नया सीजन देखने को नहीं मिलेगा। अब फैंस को प्राइम वीडियो की अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

यह भी पढ़ें: VisionQuest Finale ने बनाया रिकॉर्ड, मिले 3.7 मिलियन व्यूज