राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में निर्देशक ने फिल्म की दुनिया और इसके विशाल कैनवास को लेकर कई दिलचस्प जानकारियां साझा की हैं। महेश बाबू स्टारर यह मेगा एडवेंचर फिल्म सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दर्शकों को अलग-अलग महाद्वीपों के साथ-साथ समय की सीमाओं से परे प्राचीन रोम की यात्रा भी कराएगी। फिल्म 7 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
वाराणसी से शुरू होगा रोमांचक सफर
एसएस राजामौली ने बताया कि 'वाराणसी' की कहानी पवित्र नगरी वाराणसी से शुरू होगी। इसके बाद घटनाक्रम दर्शकों को अंटार्कटिका, अफ्रीका और फिर टाइम-ट्रैवल के जरिए प्राचीन रोम तक लेकर जाएगा। इस लंबे और रहस्यमयी सफर के बाद कहानी दोबारा वाराणसी लौटेगी, जहां इसका अहम पड़ाव देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें- Toxic का ट्रेलर 8 अगस्त को, Yash ने किया ऐलान
टाइटल वीडियो सिर्फ थी पहली झलक
निर्देशक ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले रिलीज किया गया टाइटल टीजर फिल्म की कहानी को उजागर करने के लिए नहीं बनाया गया था। उसका उद्देश्य केवल दर्शकों को फिल्म के भव्य विजुअल स्केल, सिनेमाई अनुभव और बड़े स्तर की झलक देना था। राजामौली का कहना है कि फिल्म की असली कहानी अभी भी पूरी तरह से रहस्य बनी हुई है।
महेश बाबू और राजामौली पहली बार साथ
'वाराणसी' में महेश बाबू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह पहली बार है जब एसएस राजामौली और महेश बाबू किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। इसी वजह से यह प्रोजेक्ट भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो गया है।

2027 की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल
भव्य लोकेशंस, एडवेंचर, टाइम-ट्रैवल और ऐतिहासिक तत्वों से सजी 'वाराणसी' को 2027 की सबसे बड़ी भारतीय फिल्मों में गिना जा रहा है। दर्शकों को उम्मीद है कि राजामौली इस फिल्म के जरिए एक बार फिर बड़े पर्दे पर ऐसा सिनेमाई अनुभव पेश करेंगे, जो भारतीय सिनेमा के नए मानक स्थापित कर सकता है।
यह भी पढ़ें- वाराणसी के बाद प्रियंका चोपड़ा को मिली बड़ी बायोपिक फिल्म

