बॉलीवुड अभिनेता और फिल्ममेकर Sohail Khan और फैशन डिजाइनर Seema Sajdeh एक बार फिर सुर्खियों में हैं। साल 2022 में 24 साल की शादी खत्म करने के बाद दोनों अलग हो गए थे, लेकिन हाल ही में एक शादी समारोह में दोनों को साथ देखा गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और लोगों ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि शायद दोनों फिर से करीब आ रहे हैं। अब इन खबरों पर सीमा सजदेह ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

तलाक के बाद भी परिवार हैं दोनों

हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में सीमा सजदेह ने कहा कि तलाक का मतलब यह नहीं होता कि दो लोग एक-दूसरे के दुश्मन बन जाएं। उन्होंने कहा कि सोहेल खान उनके बच्चों के पिता हैं और यही रिश्ता हमेशा बना रहेगा।

सीमा ने कहा, “हमारी शादी हुई थी, हमारे दो बच्चे हैं और हम हमेशा एक परिवार रहेंगे। लोग अक्सर यह सोच लेते हैं कि तलाक के बाद रिश्ते खत्म हो जाते हैं या लोग एक-दूसरे से नफरत करने लगते हैं, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए बच्चों की परवरिश और परिवार सबसे ज्यादा अहम है। ऐसे में अगर वे किसी समारोह या मौके पर साथ दिखाई देते हैं तो इसमें हैरानी वाली कोई बात नहीं होनी चाहिए।

Seema Sajdeh Profile
Image Source: X

सोशल मीडिया पर शुरू हो गए थे कयास

कुछ दिनों पहले पुणे में आयोजित एक शादी समारोह में Sohail Khan और Seema Sajdeh को साथ देखा गया था। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए थे। इसके बाद कई यूजर्स ने यह अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि दोनों शायद अपने रिश्ते को दूसरा मौका दे रहे हैं।

हालांकि सीमा ने साफ कर दिया कि वे केवल अपने परिवार और बच्चों के कारण जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझना चाहिए कि हर रिश्ता तलाक के बाद खत्म नहीं होता।

परिवार के खिलाफ जाकर की थी शादी

Seema Sajdeh और Sohail Khan की लव स्टोरी भी काफी चर्चा में रही थी। दोनों ने साल 1998 में परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी। सीमा दिल्ली के एक पंजाबी परिवार से आती हैं और उनके घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार की नाराजगी के बावजूद सीमा ने सोहेल के साथ भागकर शादी करने का फैसला लिया था। दोनों ने आधी रात को निकाह पढ़ा था। शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए, जिनका नाम निर्वाण खान और योहान खान है।

24 साल बाद खत्म हुआ रिश्ता

करीब 24 साल साथ रहने के बाद दोनों ने साल 2022 में अलग होने का फैसला किया था। खबरों के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से वैचारिक मतभेद चल रहे थे। हालांकि अलग होने के बावजूद दोनों ने हमेशा अपने बच्चों और परिवार को प्राथमिकता दी।

अब सीमा के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि दोनों के बीच सम्मान और पारिवारिक जुड़ाव आज भी कायम है, भले ही उनका रिश्ता पति-पत्नी वाला न रहा हो।