बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपना 44वां जन्मदिन खास अंदाज में मनाया। इस खास मौके पर उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ (Varanasi) के मेकर्स ने फैंस को बड़ा सरप्राइज देते हुए फिल्म से उनके नए लुक्स शेयर किए। एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही इस मेगा प्रोजेक्ट में प्रियंका चोपड़ा पहली बार तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।

फिल्म में प्रियंका मंदाकिनी नाम के किरदार में दिखाई देंगी। इससे पहले नवंबर में उनका पहला लुक सामने आया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब जन्मदिन के मौके पर जारी किए गए नए लुक्स ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

प्रियंका के नए लुक ने जीता फैंस का दिल

‘वाराणसी’ के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर प्रियंका चोपड़ा की दो नई तस्वीरें साझा की गईं। पहली तस्वीर में अभिनेत्री का एक बेहद स्टाइलिश और दमदार रूप देखने को मिला। काले रंग के आउटफिट, सी-थ्रू कॉर्सेट और मेसी हेयरस्टाइल में प्रियंका का लुक काफी आकर्षक नजर आ रहा है।

वहीं, दूसरी तस्वीर में प्रियंका का अलग ही अंदाज देखने को मिला। केन्या के मसाई मारा की खूबसूरत लोकेशन पर वह खुले आसमान के नीचे बाहें फैलाकर अपनी बेफिक्री और आत्मविश्वास को दर्शाती नजर आईं।

Priyanka Chopra Profile
Image Source: X

SS Rajamouli ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

प्रियंका के नए लुक्स शेयर करते हुए ‘वाराणसी’ की टीम ने अभिनेत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पोस्ट के कैप्शन में टीम ने उनके आने वाले सफर, नई खोजों और लंबी यात्राओं के लिए शुभकामनाएं लिखीं।

फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने भी प्रियंका की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कीं। उन्होंने अभिनेत्री को खास अंदाज में बधाई देते हुए लिखा कि उनकी मुस्कान में खूबसूरती और उनके गंभीर अंदाज में जबरदस्त ऊर्जा नजर आती है।

‘वाराणसी’ से भारतीय सिनेमा में वापसी करेंगी प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा लंबे समय बाद भारतीय फिल्मों में वापसी कर रही हैं। अभिनेत्री ने पहले भी कहा था कि ‘वाराणसी’ जैसा बड़ा और खास प्रोजेक्ट उनकी वापसी के लिए बिल्कुल सही विकल्प है।

फिल्म में प्रियंका के साथ महेश बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में ‘कुंभा’ नाम के एक शक्तिशाली विलेन का किरदार निभाते दिखाई देंगे।

एसएस राजामौली और महेश बाबू का यह पहला सहयोग है, जिसके कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। बड़े बजट की यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।