एकता कपूर की पॉपुलर सुपरनैचुरल फ्रैंचाइजी 'नागिन' ने करीब 11 साल तक छोटे पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन किया है। अब इस चर्चित फ्रैंचाइजी को लेकर एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। नाग पंचमी के खास मौके पर एकता कपूर ने संकेत दिया है कि 'नागिन' की दुनिया अब टेलीविजन तक सीमित नहीं रहने वाली है।
नाग पंचमी पर एकता कपूर का बड़ा ऐलान
एकता कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें 'नागिन' फ्रैंचाइजी से जुड़ी अब तक की कई यादें देखने को मिलीं। वीडियो में शो के अलग-अलग सीजन में इच्छाधारी नागिन का किरदार निभा चुकी अभिनेत्रियों की झलक भी दिखाई गई।
वीडियो के साथ एकता ने फैंस को एक खास संदेश देते हुए आने वाले प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी। इस अनाउंसमेंट से साफ है कि 'नागिन' की कहानी को अब एक नए प्लेटफॉर्म और बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी चल रही है।

क्या बड़े पर्दे पर आएगी 'नागिन'?
एकता कपूर के इस ऐलान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 'नागिन' फ्रैंचाइजी अब फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हालांकि, अभी तक मेकर्स ने इसे फिल्म के तौर पर आधिकारिक रूप से कंफर्म नहीं किया है।
अनाउंसमेंट में इतना जरूर संकेत दिया गया है कि करीब 11 साल तक टीवी पर राज करने के बाद यह आइकॉनिक फ्रैंचाइजी अब टेलीविजन से आगे बढ़ने जा रही है। ऐसे में फैंस के बीच इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
एक साथ दिख सकती हैं कई पॉपुलर नागिनें
अनाउंसमेंट वीडियो की सबसे खास बात इसमें नजर आने वाली 'नागिन' की लीड अभिनेत्रियां हैं। वीडियो में फ्रैंचाइजी से जुड़ी कई चर्चित एक्ट्रेसेस की झलक देखने को मिली।
इसी वजह से अब यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इस नए प्रोजेक्ट में एक से ज्यादा नागिन किरदारों को एक साथ लाया जाएगा। मौनी रॉय, सुरभि ज्योति, निया शर्मा, सुरभि चंदना, तेजस्वी प्रकाश और प्रियंका चाहर चौधरी जैसी अभिनेत्रियां इस फ्रैंचाइजी का अहम हिस्सा रही हैं।
इसके अलावा अदा खान और अनीता हसनंदानी की मौजूदगी ने भी पुराने सीजन्स के फैंस की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं। अगर इन सभी कलाकारों को किसी बड़े प्रोजेक्ट में साथ लाया जाता है, तो यह 'नागिन' फ्रैंचाइजी के लिए बेहद खास रीयूनियन साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20: एक्स और पति संग रहेगी ये एक्ट्रेस मचेगा कोहराम
2015 में हुई थी 'नागिन' की शुरुआत
'नागिन' की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। पहले सीजन में मौनी रॉय ने इच्छाधारी नागिन का मुख्य किरदार निभाया था, जबकि अर्जुन बिजलानी उनके साथ नजर आए थे। शो में रहस्य, प्रेम, बदला, फैंटेसी और पौराणिक तत्वों का ऐसा मिश्रण देखने को मिला, जिसने इसे जल्द ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया।
इसके बाद फ्रैंचाइजी के अलग-अलग सीजन्स में नई कहानियों और नए चेहरों को शामिल किया गया। मौनी रॉय ने दूसरे सीजन में भी मुख्य भूमिका निभाई। तीसरे सीजन में सुरभि ज्योति ने कमान संभाली, जबकि चौथे सीजन में निया शर्मा नजर आईं।
पांचवें सीजन में सुरभि चंदना ने 'नागिन' की भूमिका निभाई। इसके बाद तेजस्वी प्रकाश ने छठे सीजन में मुख्य किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। सातवें सीजन में प्रियंका चाहर चौधरी लीड रोल में नजर आईं और उनके साथ ईशा सिंह, नामिक पॉल और कनिका मान जैसे कलाकार भी कहानी का हिस्सा बने।

11 साल से दर्शकों के बीच कायम है क्रेज
'नागिन' की लोकप्रियता की बड़ी वजह इसका लगातार बदलता फॉर्मेट और सुपरनैचुरल कहानियों का आकर्षण रहा है। हर सीजन में नई कहानी, नए किरदार और अलग ट्विस्ट के जरिए दर्शकों को जोड़े रखने की कोशिश की गई।
अब जब एकता कपूर ने फ्रैंचाइजी को टीवी से आगे ले जाने का संकेत दिया है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि 'नागिन' का नया अध्याय किस रूप में सामने आता है। क्या यह फिल्म होगी, कोई स्पेशल प्रोजेक्ट या फिर किसी अन्य फॉर्मेट में कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा, इसका खुलासा आने वाले समय में होगा।
फिलहाल, नाग पंचमी पर मिले इस सरप्राइज ने 'नागिन' के पुराने और नए दोनों फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है।
यह भी पढ़ें- मुकेश खन्ना ने की ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान बनाने की मांग

