‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का आगामी एपिसोड मनोरंजन से भरपूर होने वाला है। शो में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अपनी अपकमिंग स्पाई-कॉमेडी फिल्म उड़ता तीर के प्रमोशन के लिए पहुंचे। इस दौरान दोनों ने अमिताभ बच्चन के साथ खूब मस्ती की। बिग बी ने जहां आयुष्मान के अभिनय की तारीफों के पुल बांधे, वहीं सारा के साथ उनकी मजेदार शायरी की जुगलबंदी ने सबका ध्यान खींच लिया। इतना ही नहीं, आयुष्मान ने अपनी शानदार गायकी से भी अमिताभ बच्चन को प्रभावित किया।

KBC 18 में आयुष्मान खुराना की बिग बी ने की तारीफ

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में अमिताभ बच्चन ने आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म गुलाबो सिताबो में काम करने का अनुभव साझा किया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान की प्रोफेशनलिज्म और अभिनय क्षमता की खुलकर तारीफ की।

बिग बी ने बताया कि आयुष्मान अपने संवादों और किरदार की तैयारी पूरी करके सेट पर आते थे। वहीं, फिल्म में अमिताभ बच्चन के किरदार को उम्रदराज दिखाया गया था और उन्हें पूरे समय झुककर चलना पड़ता था। ऐसे में अपने संवाद याद रखना उनके लिए आसान नहीं था।

अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में बताया कि इस दौरान आयुष्मान ने काफी धैर्य दिखाया। उन्होंने अभिनेता के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी तरफ से उन्हें किसी तरह की गलती नजर नहीं आई और उन्होंने बेहद खूबसूरती से अपना किरदार निभाया।

बिग बी से अपनी तारीफ सुनकर आयुष्मान खुराना काफी खुश नजर आए और हाथ जोड़कर उनका आभार जताया।

सारा अली खान ने शायरी से बिग बी को किया हैरान

शो में सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब आयुष्मान खुराना ने अमिताभ बच्चन और सारा अली खान के बीच शायरी की जुगलबंदी करवाने का सुझाव दिया।

आयुष्मान ने अमिताभ बच्चन की साहित्यिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए उनके पिता और प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन को कविता और शायरी में भी काफी रुचि है।

इसके बाद आयुष्मान ने बताया कि सारा अली खान को भी कविता और शायरी पसंद है। उनकी बात सुनकर सारा और बिग बी ने मंच पर शायरी की महफिल सजा दी।

यह भी पढ़ें- ‘इनको जेल में डालो...’ AI डीपफेक पर भड़के सलमान खान

‘आपके आने से मेरे चेहरे पर आती है रौनक...’

अमिताभ बच्चन ने शायरी की शुरुआत करते हुए कहा, ‘आपके आने से मेरे चेहरे पर आती है रौनक।’

सारा अली खान ने तुरंत उनकी पंक्ति को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘और आपके सवाल सुनकर दिल में होती है धक-धक, धक-धक।’

इसके बाद बिग बी ने एक और पंक्ति से सिलसिला आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, ‘टूटते हैं तारे, बिखरते हैं फूल।’

सारा ने इसका मजेदार जवाब देते हुए अमिताभ बच्चन को लेकर अपनी पंक्ति जोड़ दी और उन्हें ‘एवरग्रीन’ बताते हुए ‘मोस्ट कूल’ कहा। सारा का यह अंदाज देखकर अमिताभ बच्चन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मजाकिया अंदाज में बोले कि वह हार गए हैं।

आयुष्मान की गायकी सुनकर बिग बी हुए प्रभावित

आयुष्मान खुराना अभिनय के साथ-साथ अपनी गायकी के लिए भी जाने जाते हैं। ‘केबीसी 18’ के मंच पर उन्होंने एक बार फिर अपनी सिंगिंग स्किल्स दिखाईं।

आयुष्मान ने अमिताभ बच्चन की फिल्म कभी कभी का लोकप्रिय गीत ‘कभी कभी मेरे दिल में ख्याल आता है...’ गाया। उनकी आवाज सुनकर बिग बी काफी प्रभावित नजर आए।

गाना खत्म होने के बाद अमिताभ बच्चन ने आयुष्मान को धन्यवाद दिया। इस दौरान आयुष्मान के लिए बिग बी की तारीफ और उनका सम्मान साफ नजर आया।

‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए KBC 18 पहुंचे सारा और आयुष्मान

बता दें कि सारा अली खान और आयुष्मान खुराना फिल्म उड़ता तीर में पहली बार एक साथ नजर आने वाले हैं। दोनों कलाकार अपनी इस स्पाई-कॉमेडी फिल्म के प्रमोशन के लिए ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में पहुंचे।

शो में अमिताभ बच्चन के साथ उनकी बातचीत, सारा की मजेदार शायरी और आयुष्मान की गायकी ने इस खास एपिसोड को और भी मनोरंजक बना दिया। अब दर्शकों को फिल्म उड़ता तीर में दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी देखने का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- Ramayana Set Fire: रणबीर कपूर की फिल्म के सेट पर आग