टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट (Jennifer Winget) इन दिनों अपनी कथित शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री ने 16 जुलाई को यूके में अपने लंबे समय से बताए जा रहे पार्टनर विलियम इश्माएल (William Ishmael) के साथ एक निजी समारोह में शादी की है। हालांकि, अब तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच, जेनिफर के ब्राइडल लुक से जुड़े कुछ बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
वायरल वीडियो में दिखी ब्राइडल गाउन की झलक
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जेनिफर अपने वेडिंग गाउन को पहली बार देखते हुए नजर आ रही हैं। गाउन की बारीक डिजाइन और कारीगरी देखकर उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देती है। दूसरे वीडियो में वह गाउन ट्राई करती हुई और अपने ब्राइडल लुक को अंतिम रूप देती हुई दिखाई देती हैं।
बताया जा रहा है कि यह खास ब्राइडल गाउन कार्लियो फैशन द्वारा विशेष रूप से उनके लिए तैयार किया गया था।
हाथों की कढ़ाई और खूबसूरत डिटेलिंग ने खींचा ध्यान
वायरल क्लिप्स में डिजाइनर को गाउन के ऊपरी हिस्से पर फाइन हैंडवर्क करते हुए भी देखा जा सकता है। ट्रायल फिटिंग के दौरान जेनिफर अपने वेल और गाउन की फिटिंग को चेक करती नजर आती हैं।
सफेद रंग के इस स्ट्रैपलेस ब्राइडल गाउन में स्वीटहार्ट नेकलाइन दी गई है, जिस पर हाथ से की गई बीडवर्क और धागों की नाजुक कढ़ाई इसे बेहद आकर्षक बना रही है।

फैन पेज ने शेयर किए स्केच से लेकर फाइनल फिटिंग तक के पल
जेनिफर की शादी से जुड़ी ये तस्वीरें और वीडियो एक फैन पेज द्वारा साझा किए गए हैं। पोस्ट में शुरुआती डिजाइन स्केच से लेकर फाइनल फिटिंग तक की कई झलकियां दिखाई गई हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अभिनेत्री को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके ब्राइडल लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
कौन हैं विलियम इश्माएल?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विलियम इश्माएल सिंगापुर के एक बिजनेसमैन हैं। दावा किया जा रहा है कि जेनिफर और विलियम ने यूके में बेहद निजी समारोह में शादी की, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए।

हालांकि, अभी तक न तो जेनिफर विंगेट और न ही विलियम इश्माएल ने अपनी शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। ऐसे में इन खबरों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। फैंस अब इस कपल की ओर से आधिकारिक तस्वीरों और घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

