पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर गुरु रंधावा एक बार फिर अपने नए गाने को लेकर सुर्खियों में हैं। उनके हालिया ट्रैक 'Fine Shyt' को रिलीज के बाद जहां अच्छी संख्या में व्यूज मिल रहे हैं, वहीं इसके वीडियो और लिरिक्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी छिड़ गई है। लोगों का एक वर्ग गाने की थीम और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों पर सवाल उठा रहा है।

'Fine Shyt' को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी

गुरु रंधावा ने हाल ही में यूट्यूब पर 'Fine Shyt' रिलीज किया। गाने की कहानी और विजुअल्स को ऑफिस थीम के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है। रिलीज के कुछ ही समय में इस ट्रैक ने लाखों दर्शकों का ध्यान खींच लिया और अब तक इसे 13 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।

हालांकि, गाने की लोकप्रियता के साथ इसकी आलोचना भी शुरू हो गई। सोशल मीडिया यूजर्स ने खास तौर पर वीडियो में महिला ऑफिस कर्मचारियों के चित्रण, डांस सीक्वेंस और कुछ लिरिक्स को लेकर आपत्ति जताई है। कुछ लोगों का कहना है कि ऑफिस के माहौल को जिस अंदाज में पेश किया गया है, वह असहज और अनुचित लगता है।

यह भी पढ़ें- फाइन शाइट पर ट्रोल हुए गुरु रंधावा, टोनी कक्कड़ से हुई तुलना

ट्रोलिंग पर गुरु रंधावा ने दिया करारा जवाब

लगातार हो रही आलोचना के बीच गुरु रंधावा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। सिंगर ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए अपने आलोचकों को जवाब दिया।

उन्होंने अपने पोस्ट में खुद को लगातार आगे बढ़ने वाला बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ इस्तेमाल की जा रही मौजूदा रणनीति काम नहीं कर रही है। गुरु ने यह भी लिखा कि वह अपने रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले वर्षों में भी उनका फोकस अपनी सफलता पर रहेगा।

उनके इस पोस्ट को फैंस उनके आत्मविश्वास और ट्रोलिंग के खिलाफ दिए गए जवाब के तौर पर देख रहे हैं।

गाने को गुरु रंधावा ने खुद तैयार किया

'Fine Shyt' सिर्फ गुरु रंधावा की आवाज वाला गाना नहीं है, बल्कि इसके निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने गुरजीत गिल के साथ मिलकर गाने को लिखा और इसकी धुन तैयार की है। वहीं, ट्रैक में गुरु रंधावा के साथ यश्वी देसाई की आवाज भी सुनने को मिलती है।

गाने की ऑफिस थीम और बोल्ड प्रस्तुति ने इसे रिलीज के बाद तेजी से चर्चा में ला दिया। जहां कुछ दर्शक इसे एंटरटेनिंग मान रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इसके कंटेंट को लेकर आलोचना भी जारी है।

'Fine Shyt' से पहले भी विवादों में रहे गुरु

गुरु रंधावा के गानों को लेकर इससे पहले भी सोशल मीडिया पर चर्चा देखने को मिल चुकी है। उनके 'सिर्रा' और 'अजुल' जैसे गानों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब 'Fine Shyt' को लेकर शुरू हुई बहस ने एक बार फिर सिंगर को सुर्खियों में ला दिया है।

फिलहाल, गाने को मिल रहे व्यूज यह दिखाते हैं कि विवाद के बावजूद ट्रैक दर्शकों तक पहुंच बना रहा है। वहीं, गुरु रंधावा की प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें- इमरान हाशमी नहीं बनेंगे महमूद, बायोपिक पर सफाई