हॉलीवुड के मशहूर सुपरहीरो स्टूडियो डीसी में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जेम्स गन और पीटर सफ्रान ने DC Studios के चेयरपर्सन और सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह अब मार्वल स्टूडियोज से जुड़े रहे जेरेमी लेचम को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले के बाद डीसी यूनिवर्स के भविष्य और आने वाली फिल्मों को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
जेम्स गन और पीटर सफ्रान ने छोड़ा DC Studios का साथ
जेम्स गन और पीटर सफ्रान ने डीसी स्टूडियोज में अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम प्रोजेक्ट्स पर काम किया। दोनों का मकसद डीसी यूनिवर्स को एक नई पहचान देना और फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन प्रोजेक्ट्स को भी मजबूत बनाना था।
चार साल के अपने सफर को याद करते हुए दोनों ने वैरायटी को दिए बयान में अपनी टीम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि डीसी की कहानियों को नई दिशा देने के लिए उन्होंने मिलकर काम किया और इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स दर्शकों के सामने आए।
उनके कार्यकाल में 'सुपरमैन', 'पीसमेकर', 'क्रीचर कमांडोज', 'लैंटर्न्स' और 'क्लेफेस' जैसे प्रोजेक्ट्स पर खास ध्यान दिया गया। दोनों ने कलाकारों, क्रू मेंबर्स और स्टूडियो के अधिकारियों की मेहनत की भी सराहना की।

कौन हैं DC Studios के नए प्रमुख जेरेमी लेचम?
जेम्स गन और पीटर सफ्रान के बाद अब जेरेमी लेचम डीसी स्टूडियोज की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका मार्वल स्टूडियोज से पुराना जुड़ाव रहा है। खास बात यह है कि जेम्स गन और पीटर सफ्रान पहले भी उनके साथ काम कर चुके हैं।
दोनों ने अपने बयान में जेरेमी के साथ अच्छे क्रिएटिव रिश्ते का जिक्र किया। ऐसे में उनकी नियुक्ति को डीसी के लिए एक अहम बदलाव माना जा रहा है।
अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि जेरेमी लेचम के नेतृत्व में स्टूडियो अपनी फिल्मों और सुपरहीरो यूनिवर्स को किस दिशा में लेकर जाता है।
यह भी पढ़ें: प्राइम वीडियो पर इस दिन लौटेगा ऑफ कैंपस सीजन 2 का नया सीजन
पद छोड़ने के बाद भी DC की फिल्मों से जुड़े रहेंगे जेम्स गन
डीसी स्टूडियोज के शीर्ष पदों से हटने का मतलब यह नहीं है कि जेम्स गन पूरी तरह से डीसी यूनिवर्स से अलग हो गए हैं। वह अपनी रचनात्मक भूमिका में कुछ पुराने और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रखेंगे।
जेम्स गन और पीटर सफ्रान ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि वे फिर से उन कहानियों पर ध्यान देना चाहते हैं, जिन्हें सुनाना उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। इसमें 'मैन ऑफ टुमॉरो' भी शामिल है, जिसकी कहानी क्लार्क केंट और लेक्स लूथर के इर्द-गिर्द आगे बढ़ेगी।

2027 में आएगी Superman: Man of Tomorrow
डीसी की आगामी फिल्मों में 'सुपरमैन: मैन ऑफ टुमॉरो' खास रहने वाली है। साल 2027 में रिलीज होने वाली इस फिल्म का लेखन और निर्देशन जेम्स गन करेंगे। फिल्म में क्लार्क केंट और लेक्स लूथर की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके अलावा रॉबर्ट पैटिनसन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द बैटमैन: पार्ट 2' साल 2028 में रिलीज होने वाली है। इन फिल्मों को लेकर पहले से ही सुपरहीरो फिल्मों के प्रशंसकों में काफी उत्साह है।

DC Universe के भविष्य पर रहेंगी सबकी नजरें
जेम्स गन और पीटर सफ्रान के जाने के बाद डीसी स्टूडियोज में नेतृत्व की नई पारी शुरू होने जा रही है। जेरेमी लेचम के अनुभव और मार्वल से उनके पुराने जुड़ाव को देखते हुए उनसे काफी उम्मीदें की जा रही हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नए नेतृत्व में DC Universe को कौन-सी नई दिशा मिलेगी और क्या आने वाली फिल्में दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर पाएंगी।
यह भी पढ़ें: 31.6M डॉलर के साथ गॉडज़िला माइनस ज़ीरो की धमाकेदार शुरुआत

