भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा' का पहला पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली का किरदार निभा रहे हैं, लेकिन फर्स्ट लुक सामने आते ही फैंस ने पोस्टर की जमकर आलोचना शुरू कर दी। कई यूजर्स का कहना है कि पोस्टर इतना अननेचुरल लग रहा है कि यह किसी AI टूल से तैयार किया गया प्रतीत होता है।
लॉर्ड्स सेलिब्रेशन वाला आइकॉनिक मोमेंट किया गया रिक्रिएट
मेकर्स ने सौरव गांगुली के 54वें जन्मदिन के मौके पर फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया। इसमें उनके करियर के सबसे यादगार पलों में से एक, लॉर्ड्स की बालकनी में टी-शर्ट लहराने वाले जश्न को दोबारा दिखाने की कोशिश की गई है। इससे पहले फिल्म की शूटिंग के दौरान राजकुमार राव की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर लीक हुई थीं, जिससे फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ गई थी।

बॉलीवुड सितारों ने की जमकर तारीफ
जहां सोशल मीडिया पर पोस्टर को लेकर बहस छिड़ी हुई है, वहीं फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने राजकुमार राव के लुक की सराहना की। अभिनेता अली फजल, आयुष्मान खुराना, नेहा धूपिया और मानुषी छिल्लर समेत कई कलाकारों ने उनकी पोस्ट पर कमेंट कर उनके ट्रांसफॉर्मेशन की तारीफ की और फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं।
AI जैसा पोस्टर बताकर फैंस ने उठाए सवाल
दूसरी ओर इंटरनेट यूजर्स का एक बड़ा वर्ग इस पोस्टर से बिल्कुल भी प्रभावित नजर नहीं आया। कई लोगों ने पोस्टर की एडिटिंग और विजुअल क्वालिटी पर सवाल उठाए।
एक यूजर ने लिखा कि "ChatGPT भी इससे बेहतर पोस्टर बना सकता था।" वहीं दूसरे ने कहा कि "सौरव गांगुली जैसे महान खिलाड़ी की बायोपिक के लिए इससे कमजोर फर्स्ट लुक पहले कभी नहीं देखा। AI भी इससे बेहतर रिजल्ट दे सकता था।"
कुछ लोगों ने इसे फैन-मेड पोस्टर से भी कमतर बताया। एक यूजर ने लिखा, "क्या यह सच में ऑफिशियल पोस्टर है? इससे बेहतर डिजाइन तो स्कूल प्रोजेक्ट में बन जाते थे।" वहीं एक अन्य नाराज फैन ने दावा किया कि अगर यही स्तर रहा तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएगी।
Look at this poster, guys! 🤦♂️ Main poochta hoon, WHO IS HE? Rajkummar Rao looks like he is celebrating getting a 10% discount on JioMart, not winning at Lord's! Dada wave kar rahe thhe, yeh toh lagta hai bus pakad rahe hain. Such a disaster VFX and look! Disgusting!#Dada pic.twitter.com/JhtbmpOGev
— Gaurav🧢 (@_heretorule) July 8, 2026
विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं निर्देशन
सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' का निर्माण लव फिल्म्स के बैनर तले लव रंजन और अंकुर गर्ग कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं।
इससे पहले जुलाई 2025 में दिए एक इंटरव्यू में खुद सौरव गांगुली ने कहा था कि उनके किरदार के लिए राजकुमार राव सबसे उपयुक्त अभिनेता हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि फर्स्ट लुक पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया के बाद फिल्म रिलीज होने पर दर्शकों का फैसला क्या रहता है।

