भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का दूसरा एपिसोड काफी सुर्खियों में आ गया है। इस एपिसोड में भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियों काजल राघवानी और रानी चटर्जी ने कई ऐसे खुलासे किए, जिन्होंने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। काजल ने पहली बार खुलकर अपने और अभिनेता खेसारी लाल यादव के रिश्ते को लेकर बात की, वहीं रानी चटर्जी ने भी इस मामले में अपनी राय रखते हुए कई पुराने किस्सों का जिक्र किया।

काजल राघवानी ने खेसारी संग रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी

शो में बातचीत के दौरान काजल राघवानी ने बताया कि वह खेसारी लाल यादव के साथ रिलेशनशिप में थीं। उन्होंने कहा कि उन पर अक्सर धोखा देने के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन उनके अनुसार कहानी उतनी सीधी नहीं थी। काजल ने दावा किया कि खेसारी ने उनसे शादी करने की बात कही थी और कई बार शादी की तारीख आगे बढ़ती रही।

काजल ने बताया कि खेसारी उन्हें कभी एक साल तो कभी अगले साल शादी करने की बात कहते थे। इसी वजह से वह इस रिश्ते को लेकर लंबे समय तक उम्मीद बनाए रहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वह शादीशुदा थे तो फिर उनके साथ रिश्ते में क्यों आए।

ट्रोलिंग और डरावने अनुभव को किया शेयर

काजल राघवानी ने यह भी बताया कि विवादों के बाद उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है। उनका कहना था कि उन्हें लगातार ट्रोल किया जाता था और वह इससे काफी परेशान हो गई थीं।

अभिनेत्री ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार एक कार्यक्रम के दौरान उनकी कार पर पत्थर फेंके गए थे, जिससे शीशे तक टूट गए थे। इस घटना ने उन्हें काफी डरा दिया था और वह अंदर तक प्रभावित हुई थीं।

यह भी पढ़ें- काजल राघवानी को देख फैन्स बोले 'खेसारी भौजी', वायरल वीडियो हो रहा

रानी चटर्जी ने खेसारी पर साधा निशाना

काजल का समर्थन करते हुए रानी चटर्जी ने भी खेसारी लाल यादव को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्होंने खेसारी के कई इंटरव्यू और पॉडकास्ट देखे हैं, जिनमें उनके बयान अलग-अलग नजर आते हैं। रानी ने आरोप लगाया कि खेसारी कई बार खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश करते हैं।

रानी ने यह भी कहा कि कभी खेसारी अपने द्वारा हुई गलतियों की बात करते नजर आते हैं, तो कभी किसी रिश्ते से इनकार करते हैं। उनके मुताबिक, यह व्यवहार लोगों को भ्रमित करता है।

Bhojpuri Bawaal Profile
Image Source: X

खेसारी के परिवार से जुड़ा किस्सा भी आया सामने

रानी चटर्जी ने शो में एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बताया कि वह खेसारी की बेटी के जन्मदिन के मौके पर गई थीं, जहां उनकी मुलाकात पहली बार उनकी पत्नी से हुई थी।

उन्होंने बताया कि बाद में उनके भाई की शादी के रिसेप्शन के दौरान खेसारी की पत्नी ने उनसे शिकायत की थी कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। रानी ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने पूरे परिवार को बुलाया था, लेकिन खेसारी वहां सिर्फ काजल के साथ पहुंचे थे।

साथ काम करने के ऑफर पर काजल ने दिया जवाब

बातचीत के दौरान काजल राघवानी ने यह भी खुलासा किया कि उन्हें खेसारी की ओर से दोबारा साथ काम करने का प्रस्ताव मिला था। हालांकि, इसके साथ एक शर्त भी रखी गई थी कि उन्हें पहले की तरह ही व्यवहार करना होगा।

Kajal Raghwani Profile
Image Source: X

काजल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि वह ऐसा काम नहीं करना चाहतीं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि कई बार वह अकेलापन महसूस करती हैं। इस पर रानी चटर्जी ने उन्हें मजबूत रहने और जिंदगी में आगे बढ़ने की सलाह दी।

'भोजपुरी बवाल' का यह एपिसोड भोजपुरी इंडस्ट्री के रिश्तों और विवादों को लेकर लगातार चर्चा में बना हुआ है। काजल और रानी के इन खुलासों के बाद अब दर्शकों की नजर आगे आने वाले एपिसोड्स पर टिकी हुई है।

यह भी पढ़ें- Bhojpuri Bawaal: काजल के आरोपों से गरमाया विवाद