भोजपुरी इंडस्ट्री का पहला रिएलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' अपने टेलीकास्ट से पहले ही सुर्खियों में आ गया है। शो के सामने आ रहे प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें भोजपुरी सितारों के बीच के पुराने विवाद और अनकही बातें सामने आती नजर आ रही हैं। खासतौर पर अभिनेत्री काजल राघवानी, आम्रपाली दुबे और सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के बीच की बहस ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।

शो के नए प्रोमो में भोजपुरी सिनेमा से जुड़े कई ऐसे खुलासे देखने को मिल रहे हैं, जिनकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। काजल राघवानी ने आम्रपाली दुबे और निरहुआ को लेकर एक बड़ा दावा किया है, जिसके बाद शो का माहौल काफी गर्म दिखाई दे रहा है।

काजल राघवानी ने लगाया गाना छीनने का आरोप

'भोजपुरी बवाल' के एक प्रोमो में काजल राघवानी अभिनेत्री रानी चटर्जी के साथ बातचीत करती नजर आती हैं। इस दौरान वह अपने करियर से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा करती हैं। काजल का कहना है कि फिल्म 'आशिक आवारा' के चर्चित गाने 'जाड़ के जुगाड़ करके जाए राजा' के लिए सबसे पहले उनसे संपर्क किया गया था।

काजल ने दावा किया कि यह गाना दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के साथ उनके ऊपर फिल्माया जाना था, लेकिन बाद में अचानक यह प्रोजेक्ट उनसे लेकर आम्रपाली दुबे को दे दिया गया। उन्होंने इस बात को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि इंडस्ट्री में बड़े स्टार के सामने अपनी बात रखना हर किसी के लिए आसान नहीं होता।

जब रानी चटर्जी ने उनसे पूछा कि उन्होंने इस मामले को लेकर प्रोड्यूसर से बातचीत क्यों नहीं की, तो काजल ने इशारों-इशारों में कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री में हीरो के प्रभाव के सामने अपनी बात रखना काफी मुश्किल होता है।

यह भी पढ़ें- भोजपुरी बवाल: आम्रपाली दुबे के दर्द ने किया भावुक

आम्रपाली दुबे ने काजल के आरोपों पर जताई नाराजगी

प्रोमो में आगे आम्रपाली दुबे का पक्ष भी दिखाया गया है। वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करते हुए आम्रपाली ने काजल के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी कलाकार को किसी प्रोजेक्ट से हटाया गया है, तो उसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।

आम्रपाली ने काजल को उनके पुराने दौर की याद दिलाते हुए कहा कि जब वह खुद खेसारी लाल यादव के साथ लगातार काम कर रही थीं, तब भी उनके रिश्तों को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती थीं। लेकिन उन्होंने कभी किसी कलाकार को किसी काम से हटाने की कोशिश नहीं की।

निरहुआ ने दिया बेबाक जवाब

इस विवाद में दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' की प्रतिक्रिया ने भी काफी सुर्खियां बटोरी हैं। काजल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए निरहुआ ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि उसे किसी फिल्म या गाने से हटाया गया है, तो उसे इसके कारणों पर भी विचार करना चाहिए।

उनका यह बयान सामने आने के बाद शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस अब इस पूरे विवाद को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं।

Dinesh Lal Yadav Profile
Image Source: X

'भोजपुरी बवाल' को लेकर बढ़ी दर्शकों की उत्सुकता

'भोजपुरी बवाल' भोजपुरी सिनेमा का पहला रिएलिटी शो बताया जा रहा है, जिसमें इंडस्ट्री के कलाकार अपनी निजी जिंदगी, करियर और आपसी रिश्तों से जुड़े कई किस्से साझा करते नजर आएंगे। शो के प्रोमो में जिस तरह के खुलासे हो रहे हैं, उससे साफ है कि आने वाले एपिसोड में कई और विवाद सामने आ सकते हैं।

काजल राघवानी, आम्रपाली दुबे और निरहुआ के बीच छिड़ी यह बहस अब शो का सबसे बड़ा आकर्षण बनती जा रही है। दर्शक अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि इस विवाद का पूरा सच शो में किस तरह सामने आता है।

यह भी पढ़ें- काजल राघवानी को देख फैन्स बोले 'खेसारी भौजी', वायरल वीडियो हो रहा