बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'खोसला का घोसला 2' के प्रमोशन में जुटे हैं। फिल्म के प्रचार के बीच उन्होंने सोशल मीडिया के सबसे चर्चित ट्रेंड 'मेरे महबूब कयामत होगी' पर एक मजेदार रील बनाई, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। यह वीडियो कुछ ही समय में 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर वायरल हो गया।

पुराने ट्रेंड को फिर मिला नया जीवन

'मेरे महबूब कयामत होगी' गाने पर बनी यह रील पहली बार कोरोना महामारी के दौरान खूब वायरल हुई थी। उस समय इंफ्लुएंसर मिस्टर फैजू के वीडियो ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। बाद में कई कंटेंट क्रिएटर्स ने इस ट्रेंड को अपनाया और हाल ही में NEET प्रोटेस्ट के दौरान भी इस फॉर्मेट को दोबारा इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद यह फिर से चर्चा में आ गया।

अब इसी वायरल ट्रेंड को बॉलीवुड अंदाज में रीक्रिएट कर अनुपम खेर ने एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

यह भी पढ़ें- कंगना के Gen-Z बयान पर राखी सावंत का तीखा पलटवार

बोमन ईरानी और रणवीर शौरी भी आए नजर

अनुपम खेर ने यह रील अपने को-स्टार्स बोमन ईरानी, रणवीर शौरी और प्रवीण डबास के साथ बनाई। चारों कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग और एक्सप्रेशंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और देखते ही देखते 100 मिलियन क्लब में शामिल हो गया।

रणवीर शौरी ने जताया आभार

रील को मिली शानदार सफलता के बाद अभिनेता रणवीर शौरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अनुपम खेर का धन्यवाद किया। उन्होंने वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें 100+ मिलियन व्यूज क्लब तक पहुंचाने का श्रेय अनुपम खेर को जाता है।

शेयर किए गए स्क्रीनशॉट के अनुसार, वीडियो को 119 मिलियन से अधिक व्यूज, 5.6 मिलियन लाइक्स, 1.4 मिलियन शेयर और 1.44 लाख से ज्यादा कमेंट्स मिल चुके थे।

अनुपम खेर का मजेदार कैप्शन

Anupam Kher Profile
Image Source: X

रील शेयर करते हुए अनुपम खेर ने अपने अंदाज में एक हल्का-फुल्का कैप्शन भी लिखा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि "खोसला और खुराना कभी भी एक-दूसरे के साथ तालमेल नहीं बिठा पाए... यहां भी नहीं! जय हो!" उनका यह कैप्शन भी सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आया।

28 अगस्त को रिलीज होगी 'खोसला का घोसला 2'

Khosla Ka Ghosla 2 Profile

वर्कफ्रंट की बात करें तो 'खोसला का घोसला 2' साल 2006 में आई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म का सीक्वल है। फिल्म में पहली किस्त के कई लोकप्रिय कलाकार एक बार फिर साथ नजर आएंगे, वहीं कुछ नए चेहरे भी कहानी का हिस्सा होंगे।

फिल्म का निर्देशन प्रशांत बांगिया ने किया है। इसमें अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा के अलावा दिव्या खोसला, रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

यह बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी पर बयान के बाद ट्रोल हुईं भूमि पेडनेकर