जब भी कोई बड़ी फिल्म रिलीज होती है, तो सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक हर जगह उसकी कमाई की चर्चा शुरू हो जाती है। कोई फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल होती है, तो किसी को ‘डिजास्टर’ बता दिया जाता है। लेकिन क्या सिर्फ ज्यादा कमाई कर लेना ही किसी फिल्म को हिट बना देता है? असल में बॉक्स ऑफिस का खेल सिर्फ टिकट बेचने तक सीमित नहीं होता, इसके पीछे करोड़ों का पूरा बिजनेस मॉडल काम करता है।

कई बार छोटी बजट की फिल्म कम कमाई करके भी सुपरहिट बन जाती है, जबकि भारी-भरकम स्टारकास्ट वाली फिल्म 150 करोड़ कमाने के बाद भी फ्लॉप मानी जाती है। इसके पीछे की वजह समझने के लिए आपको फिल्म इंडस्ट्री के इस मनी गेम को समझना होगा।

बॉक्स ऑफिस के तीन सबसे बड़े खिलाड़ी

किसी भी फिल्म को सिनेमाघर तक पहुंचाने में तीन लोगों की सबसे अहम भूमिका होती है।

1. प्रोड्यूसर

प्रोड्यूसर वह व्यक्ति या कंपनी होती है, जो फिल्म बनाने में पैसा लगाती है। कलाकारों की फीस, शूटिंग, सेट डिजाइन, लोकेशन, कैमरा, एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन तक का पूरा खर्च प्रोड्यूसर उठाता है। यानी फिल्म की नींव उसी के पैसों पर तैयार होती है।

2. डिस्ट्रीब्यूटर

फिल्म बन जाने के बाद उसकी जिम्मेदारी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाती है। डिस्ट्रीब्यूटर प्रोड्यूसर से फिल्म के थिएटर या रिलीज राइट्स खरीदता है और उसे देशभर के सिनेमाघरों तक पहुंचाता है। फिल्म की मार्केटिंग, पोस्टर, ट्रेलर और प्रमोशन में भी बड़ा पैसा खर्च किया जाता है।

अगर किसी फिल्म को अच्छा डिस्ट्रीब्यूटर नहीं मिलता, तो कई बार फिल्में रिलीज ही नहीं हो पातीं और सालों तक अटकी रह जाती हैं।

3. थिएटर मालिक

थिएटर मालिक अपनी स्क्रीन पर फिल्म चलाते हैं। दर्शकों से टिकट के जरिए जो कमाई होती है, उसमें उनका भी बड़ा हिस्सा होता है।

आखिर कैसे तय होता है हिट या फ्लॉप?

किसी फिल्म की सफलता सिर्फ उसकी कुल कमाई से नहीं, बल्कि उसकी लागत और मुनाफे से तय होती है। फिल्म का बजट जितना बड़ा होगा, उसे हिट होने के लिए उतनी ज्यादा कमाई करनी पड़ेगी।

फिल्म की लागत में सिर्फ शूटिंग का खर्च नहीं जुड़ता, बल्कि प्रमोशन, डिस्ट्रीब्यूशन और रिलीज से जुड़े खर्च भी शामिल होते हैं।

आसान उदाहरण से समझिए पूरा हिसाब

मान लीजिए एक फिल्म को बनाने में प्रोड्यूसर ने 50 करोड़ रुपये खर्च किए। बाद में डिस्ट्रीब्यूटर ने उस फिल्म के राइट्स 65 करोड़ में खरीद लिए। इसके अलावा फिल्म के प्रमोशन और विज्ञापन पर 10 करोड़ और खर्च हुए।

अब डिस्ट्रीब्यूटर की कुल लागत हो गई 75 करोड़ रुपये।

Box-office Profile
Image Source: X

यहां आता है असली ट्विस्ट

फिल्म रिलीज होने से पहले ही डिस्ट्रीब्यूटर म्यूजिक, सैटेलाइट और डिजिटल राइट्स बेचकर 15 करोड़ रुपये कमा लेता है। अब उसकी रिकवरी के लिए 60 करोड़ रुपये बाकी बचते हैं।

लेकिन थिएटर में होने वाली कमाई का पूरा पैसा डिस्ट्रीब्यूटर को नहीं मिलता। टिकट बिक्री का लगभग आधा हिस्सा थिएटर मालिक अपने पास रखते हैं।

अगर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ कमाती है, तो डिस्ट्रीब्यूटर के हिस्से में सिर्फ करीब 30 करोड़ रुपये आते हैं।

अब पूरा हिसाब देखिए:

  • 30 करोड़ थिएटर से मिले
  • 15 करोड़ राइट्स से मिले
  • कुल रिकवरी हुई 45 करोड़

जबकि खर्च हुए थे 75 करोड़। यानी डिस्ट्रीब्यूटर को 30 करोड़ का नुकसान हुआ और फिल्म फ्लॉप मानी जाएगी।

कितनी कमाई पर बनती है फिल्म हिट?

फिल्म की सफलता उसके बजट और मुनाफे के अनुपात से तय होती है।

  • अगर फिल्म सिर्फ लागत निकाल पाए, तो उसे औसत माना जाता है
  • लागत से थोड़ा ज्यादा कमाने पर फिल्म हिट कहलाती है
  • भारी मुनाफा कमाने वाली फिल्मों को सुपरहिट कहा जाता है
  • और जब फिल्म रिकॉर्डतोड़ कमाई करे, तो उसे ब्लॉकबस्टर का टैग मिलता है

उदाहरण के तौर पर, ऊपर वाले मामले में अगर वही फिल्म 110-120 करोड़ तक कमाई कर लेती, तो डिस्ट्रीब्यूटर को अच्छा मुनाफा होता और फिल्म हिट कहलाती।

वहीं 150 करोड़ से ज्यादा कमाई करने पर उसे सुपरहिट माना जाता और 200 करोड़ पार करते ही फिल्म ब्लॉकबस्टर की श्रेणी में पहुंच जाती।

Box-office Profile
Image Source: X

सिर्फ कमाई नहीं, मुनाफा मायने रखता है

यही वजह है कि हर बड़ी कमाई करने वाली फिल्म हिट नहीं होती और हर छोटी फिल्म फ्लॉप नहीं कहलाती। असली खेल इस बात का है कि फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले कितना मुनाफा कमाया।

इसलिए अगली बार जब आप सुनें कि कोई 200 करोड़ कमाने वाली फिल्म भी फ्लॉप हो गई, तो समझ जाइए कि बॉक्स ऑफिस का गणित सिर्फ कमाई नहीं, बल्कि निवेश और मुनाफे का खेल है।