सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और 'बिग बॉस 19' फेम तान्या मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार चर्चा उनकी किसी तस्वीर या शो की वजह से नहीं, बल्कि एक पत्रकार की टिप्पणी पर दिए गए उनके तीखे जवाब को लेकर हो रही है। तान्या ने सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की और अपने संघर्ष भरे सफर का जिक्र करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया।

'सस्ती कॉपी' वाले कमेंट पर भड़कीं तान्या मित्तल

पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एक मीडिया प्लेटफॉर्म के पत्रकार ने तान्या मित्तल की तुलना शालिनी पासी से करते हुए उन्हें उनकी "सस्ती कॉपी" बताया। साथ ही यह भी कहा गया कि वह केवल अपनी लाइफस्टाइल और पैसे का प्रदर्शन करती हैं।

इस टिप्पणी के बाद तान्या ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि किसी महिला को इस तरह संबोधित करना पत्रकारिता नहीं बल्कि बेहद अपमानजनक और सेक्सिस्ट सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उनकी अपनी अलग पहचान है और उन्हें किसी अन्य व्यक्ति की कॉपी बताना उनकी मेहनत का अपमान है।

'मैंने अपनी पहचान खुद बनाई है'

तान्या ने अपने पोस्ट में कहा कि महिलाओं को अक्सर अपनी उपलब्धियों के बावजूद खुद को साबित करना पड़ता है। उनके मुताबिक, समाज आज भी इस बात को सहजता से स्वीकार नहीं कर पाता कि कोई लड़की अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल कर सकती है।

उन्होंने साफ कहा कि उनकी सफलता किसी की नकल का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों की कड़ी मेहनत और संघर्ष का नतीजा है।

Tanya Mittal Profile
Image Source: X

150 रुपये के ग्रीटिंग कार्ड बेचने से शुरू हुआ सफर

अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए तान्या ने बताया कि करीब 10 साल पहले उन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी और परिवार के दबाव के बावजूद कम उम्र में शादी करने से इनकार कर दिया था।

उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में वह 150 रुपये के ग्रीटिंग कार्ड बेचती थीं। बाद में भारतीय संस्कृति और मंदिरों से जुड़े वीडियो बनाना शुरू किया। इस दौरान उन्हें लगातार ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और कई बड़े अवसर भी हाथ से निकल गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

'बिग बॉस' के दौरान भी झेलना पड़ा विरोध

तान्या ने अपने रियलिटी शो के अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 'बिग बॉस' में हिस्सा लिया तो उन्हें लगा जैसे पूरा देश उनके खिलाफ हो गया हो। उस समय उन्हें बहुत कम लोगों का समर्थन मिला, लेकिन उन्होंने सभी मुश्किलों का सामना करते हुए आगे बढ़ना जारी रखा।

Tanya Mittal Profile
Image Source: X

उनका कहना है कि आलोचनाओं और नकारात्मक टिप्पणियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया।

मीडिया और ट्रोलर्स को दिया संदेश

अपनी पोस्ट के आखिर में तान्या ने मीडिया से अपील की कि केवल क्लिक और व्यूज़ हासिल करने के लिए किसी व्यक्ति का अपमान न किया जाए। उन्होंने कहा कि सच्ची पत्रकारिता तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों और अपमानजनक शब्दों पर।

साथ ही उन्होंने ट्रोलर्स को भी संदेश दिया कि उनकी 10 साल की मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों को किसी की नकारात्मक टिप्पणी से मिटाया नहीं जा सकता।

'मां है ना' में आ रही हैं नजर

वर्क फ्रंट की बात करें तो तान्या मित्तल इन दिनों अपनी मां के साथ कुकिंग रियलिटी शो 'मां है ना' में दिखाई दे रही हैं। यह शो ZEE5 पर स्ट्रीम हो रहा है और दर्शकों से इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। शो के कई एपिसोड रिलीज हो चुके हैं, जिनमें तान्या और उनकी मां की बॉन्डिंग को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।