‘बिग बॉस 20’ में इस समय घर के अंदर रिश्तों, मतभेदों और नॉमिनेशन को लेकर माहौल गर्म है। शो के पहले हफ्ते में ही कई कंटेस्टेंट्स के बीच तनाव देखने को मिला है। इसी बीच भोजपुरी अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद गंभीर अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि पिता की पहचान उनके लिए कई बार परेशानी का कारण बन जाती है और उन्हें सोशल मीडिया पर जान से मारने तक की धमकियां मिल चुकी हैं।

पिता की पहचान का पड़ता है दबाव

‘बिग बॉस 20’ के घर में रीति तिवारी ने मैरी कॉम के साथ बातचीत के दौरान बताया कि बचपन से ही उन्हें अपने पिता की लोकप्रियता की वजह से अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़ा है। उनका कहना था कि वह जो भी बात कहती हैं, उसे अक्सर मनोज तिवारी की बेटी के नजरिए से देखा जाता है।

रीति ने बताया कि लोगों की नजर में उनकी अपनी राय और पहचान कई बार उनके पिता की छवि से जुड़ जाती है। इसी वजह से उन्हें आलोचना के साथ-साथ गंभीर ऑनलाइन धमकियों का भी सामना करना पड़ता है।

Rhiti Tiwari Profile
Image Source: X

‘मनोज तिवारी की बेटी हूं इसलिए...’

रीति ने बातचीत में बताया कि उन्हें कई बार जान से मारने और रेप जैसी धमकियां तक दी गई हैं। उनके मुताबिक, इसका एक बड़ा कारण सिर्फ इतना है कि वह मनोज तिवारी की बेटी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग उनकी बातों को उनकी व्यक्तिगत राय मानने के बजाय उनके पिता से जोड़कर देखते हैं।

रीति के इस खुलासे ने घर में मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स को भी हैरान कर दिया। उन्होंने अपनी बात रखते हुए यह स्पष्ट किया कि अपने पिता की पहचान से अलग वह खुद की एक स्वतंत्र पहचान बनाना चाहती हैं।

Rhiti Tiwari Profile
Image Source: X

यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20 का धमाकेदार आगाज, जानें 17 कंटेस्टेंट्स

खुद के पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं रीति

रीति तिवारी ने कनिका मान के साथ बातचीत में अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह काम करना चाहती हैं, खुद कमाना चाहती हैं और अपनी अलग पहचान स्थापित करना चाहती हैं।

रीति के मुताबिक, अब तक उनकी जिंदगी उस दिशा में पूरी तरह आगे नहीं बढ़ पाई, जिसकी उन्होंने कल्पना की थी। उन्होंने इसकी एक वजह अपनी पिछली रिलेशनशिप को भी बताया। सिंगर ने खुलासा किया कि उन्हें अपने बचपन के सबसे करीबी दोस्त से प्यार हो गया था।

20 साल पुराने दोस्त से हुआ था प्यार

रीति ने बताया कि वह और उनका बेस्ट फ्रेंड करीब 20 साल से एक-दूसरे को जानते थे। समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हो गया।

इस अनुभव का जिक्र करते हुए रीति ने अपनी जिंदगी में आए भावनात्मक बदलावों के बारे में भी बात की। उन्होंने संकेत दिया कि अब वह अपने करियर और खुद की पहचान पर ज्यादा ध्यान देना चाहती हैं।

सिंगर और कंपोजर हैं रीति तिवारी

रीति तिवारी सिर्फ मनोज तिवारी की बेटी के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक कलाकार के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। वह सिंगर, सॉन्ग राइटर, कंपोजर और प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुकी हैं।

रीति ने अपने कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स और सिंगल्स रिलीज किए हैं, जिन्हें YouTube और Spotify जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सुना जा सकता है। उनके चर्चित गानों में बारिश, मानसिक संतुलन, झूठी बेबी और घूम चुके जैसे नाम शामिल हैं।

इंस्टाग्राम पर भी रीति की अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। सोशल मीडिया पर उनके करीब 40 हजार फॉलोअर्स बताए जाते हैं।

बिग बॉस 20 में दिखा रही हैं अपना अलग अंदाज

‘बिग बॉस 20’ में रीति तिवारी की एंट्री के बाद दर्शकों को उनके व्यक्तित्व के एक अलग पहलू को जानने का मौका मिल रहा है। शो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, परिवार से जुड़े दबाव और करियर को लेकर अपने सपनों पर खुलकर बात की है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि बिग बॉस के घर में रीति अपने पिता की पहचान से अलग अपनी खुद की पहचान बनाने में कितनी कामयाब होती हैं और आने वाले हफ्तों में उनका गेम किस दिशा में आगे बढ़ता है।

यह भी पढ़ें- आम्रपाली दुबे बोलीं- बिग बॉस में खेसारी को लाना चाहूंगी