बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। खासतौर पर फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से अलग होने के बाद से अभिनेता लगातार सुर्खियों में हैं। इसी बीच रणवीर सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह आध्यात्मिक गुरु सदगुरु के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में रणवीर जिंदगी से जुड़ा एक बेहद गहरा सवाल पूछते दिखाई दिए, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है।

सदगुरु से मिलने पहुंचे रणवीर सिंह

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को सदगुरु के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया है। वीडियो में रणवीर सिंह काफी शांत और गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सदगुरु से मिलने आने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से पूछा था कि उन्हें सदगुरु से क्या सवाल पूछना चाहिए।

रणवीर ने कहा कि ज्यादातर लोगों ने उनसे एक ही सवाल पूछने को कहा - “जीवन का मकसद क्या है?” अभिनेता ने बताया कि करीब 80 प्रतिशत लोगों ने यही सवाल सुझाया था।

Ranveer Singh Profile
छवि स्रोत: X

जिंदगी के मकसद पर सदगुरु का जवाब

रणवीर सिंह के सवाल का जवाब देते हुए सदगुरु ने बेहद दिलचस्प बात कही। उन्होंने कहा कि जब लोग जीवन का उद्देश्य पूछते हैं, तो असल में वे जीवन के उपयोग को समझना चाहते हैं। सदगुरु के मुताबिक जिंदगी किसी लॉजिकल कैलकुलेशन से कहीं ज्यादा बड़ी चीज है और इसका कोई तय उद्देश्य नहीं होता।

उन्होंने कहा कि जीवन को सिर्फ किसी मकसद के दायरे में बांधकर नहीं देखा जा सकता, क्योंकि यह इंसानी समझ से भी कहीं बड़ा अनुभव है। सदगुरु की इस बात ने रणवीर सिंह को भी काफी प्रभावित किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

रणवीर सिंह और सदगुरु की बातचीत का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस इस वीडियो पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि रणवीर सिंह पहले से काफी बदले हुए नजर आ रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा कि रणवीर के व्यक्तित्व में अब काफी शांति दिखाई देती है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि जिंदगी का असली मकसद सिर्फ काम नहीं बल्कि खुद को समझना भी है। कई लोगों ने अभिनेता की सोच और उनके सवाल की भी तारीफ की।

'डॉन 3' विवाद से चर्चा में हैं रणवीर सिंह

गौरतलब है कि रणवीर सिंह पिछले साल अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' को लेकर चर्चा में रहे थे। इसके बाद उनके 'डॉन 3' में नजर आने की खबरों ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया था। हालांकि बाद में अभिनेता ने फिल्म से दूरी बना ली।

रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के प्रोडक्शन में लगातार हो रही देरी और कुछ क्रिएटिव मतभेदों की वजह से रणवीर सिंह ने यह फैसला लिया। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि अभिनेता और मेकर्स के बीच विवाद की खबरें सामने आने लगीं। यही वजह है कि पिछले कुछ समय से रणवीर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।

अब विवादों के बीच उनका सदगुरु से मिलना और जिंदगी को लेकर सवाल पूछना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।