रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर पौराणिक फिल्म 'रामायण' का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। फिल्म के ट्रेलर को लेकर भी फैंस में जबरदस्त उत्साह था और इसे 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज किए जाने की तैयारी थी। हालांकि, रिलीज से ठीक पहले मेकर्स ने बड़ा फैसला लेते हुए ट्रेलर लॉन्च को टाल दिया। इस खबर ने फैंस को जरूर निराश किया, लेकिन इसके पीछे की वजह जानने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मेकर्स के फैसले की सराहना भी की।

ट्रेलर लॉन्च से पहले बदला फैसला

'रामायण' के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फिल्म का ट्रेलर फिलहाल रिलीज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास प्रोजेक्ट है और इसे वैश्विक स्तर पर उसी भव्यता के साथ पेश करने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के जरिए 'रामायण' को दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचाने का सपना अब साकार हो रहा है। ऐसे में ट्रेलर को भी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च करने की योजना बनाई गई है।

क्यों टाला गया 'रामायण' का ट्रेलर?

नमित मल्होत्रा ने अपने संदेश में देश के युवाओं का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह सही समय नहीं है कि फिल्म के प्रचार पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने युवाओं के भविष्य और उनके मुद्दों के प्रति अपनी संवेदनशीलता जताते हुए ट्रेलर लॉन्च को आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

दरअसल, देशभर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। कई फिल्मी हस्तियों ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। इसी माहौल को देखते हुए मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज टालने का निर्णय लिया।

CJP Profile
Image Source: X

वैश्विक स्तर पर होगा भव्य लॉन्च

निर्माता ने अपने बयान में कहा कि 'रामायण' केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और विरासत को दुनिया के सामने पेश करने का एक बड़ा अवसर है। उनका मानना है कि इस प्रोजेक्ट को किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च किया जाएगा, जिससे दुनियाभर के दर्शक भारतीय महाकाव्य और इसकी समृद्ध परंपरा से जुड़ सकेंगे।

अब कब आएगा ट्रेलर?

फिलहाल मेकर्स ने नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'रामायण' का ट्रेलर 31 जुलाई को रिलीज किया जा सकता है। जब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, फैंस को थोड़े और इंतजार करना होगा।

Ramayana Profile
Image Source: X

फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' इस समय भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। बड़े बजट, दमदार स्टारकास्ट और आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के चलते इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

अब सभी की नजरें मेकर्स की अगली घोषणा पर टिकी हैं, जब 'रामायण' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।