NEET पेपर लीक और CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर देशभर में विरोध बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित एक प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज, क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षाविद सोनम वांगचुक तथा CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संस्थापक अभिजीत दिपके शामिल हुए। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और युवा प्रदर्शन में पहुंचे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई।
दिल्ली के बाद बेंगलुरु में आंदोलन
यह प्रदर्शन CJP द्वारा शुरू किए गए देशव्यापी अभियान का हिस्सा था। संगठन का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ जवाबदेही तय की जानी चाहिए। इससे पहले यह आंदोलन नई दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू किया गया था, जहां छात्रों और युवाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद की थी।

‘पाकिस्तानी कहकर आवाज नहीं दबाई जा सकती’ - प्रकाश राज
प्रदर्शन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए प्रकाश राज ने कहा कि सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाने वालों को देशद्रोही या पाकिस्तानी कहकर डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब युवा चुप बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
प्रकाश राज ने कहा, “अगर कोई जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाता है तो उसे गद्दार कह देना आसान तरीका बन गया है। लेकिन इससे आवाजें दबाई नहीं जा सकतीं। देश के युवाओं ने अब अपनी लड़ाई खुद लड़ने का फैसला किया है।”
कर्नाटक के बेंगलुरु में कॉकरोच जनता पार्टी को नई ऊर्जा देते हुए एक्टर प्रकाश राज ने कहा ,
— Nargis Bano (@Nargis_Bano78) June 14, 2026
" हमें डराने और हमारी आवाज को दबाने के लिये आप हमें पाकिस्तानी या देशद्रोही कह सकते हो लेकिन हम डरने वाले नहीं है ",pic.twitter.com/LIG3PyB9KG
नेताओं की जिम्मेदारी पर भी उठाए सवाल
प्रकाश राज ने चुने हुए नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें समस्याओं का समाधान निकालने के लिए चुना है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी के बीच असली मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की अपील की।
CJP ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने देशभर के students से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भरोसा कायम रखने के लिए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई जरूरी है।
Actor @prakashraaj tells the ruling class of politicians to make way for the youth of this country, which is fighting for its future. #cjpprotest at Freedom Park, Bengaluru pic.twitter.com/RgXkUHGlUc
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) June 14, 2026
क्या है CJP?
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन और ऑनलाइन समूह है, जिसकी शुरुआत मई 2026 में की गई थी। यह संगठन बेरोजगारी, परीक्षा में गड़बड़ी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अभियान चला रहा है। हाल के दिनों में यह समूह सोशल मीडिया और जमीनी आंदोलनों के जरिए काफी चर्चा में रहा है।
राष्ट्रीय बहस बना परीक्षा सिस्टम
बेंगलुरु में हुए प्रदर्शन ने एक बार फिर NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बना दिया है। छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ सकता है।

