बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं बल्कि प्रोड्यूसर अमित जानी की अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' है। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही विवाद तेज हो गया है। अब सलमान खान ने इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है और फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
टीजर रिलीज होते ही बढ़ा विवाद
फिल्म 'काला हिरण' का टीजर 12 जून को रिलीज किया गया। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा होने लगी। माना जा रहा है कि फिल्म की कहानी साल 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है, जिसमें सलमान खान का नाम जुड़ा था।
टीजर में एक ऐसे शख्स को दिखाया गया है जिस पर काला हिरण के शिकार का आरोप है। कोर्ट रूम से लेकर गैंगस्टर एंगल तक कई ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं, जिनकी तुलना सीधे तौर पर सलमान खान से जुड़े विवाद से की जा रही है।
सलमान खान ने लगाए पर्सनैलिटी राइट्स उल्लंघन के आरोप
दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका में सलमान खान की तरफ से कहा गया है कि फिल्म में उनके जैसे दिखने वाले कलाकार को लिया गया है। साथ ही उस किरदार को सलमान खान की पहचान से जुड़ी चीजें, जैसे उनका मशहूर ब्रेसलेट, इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है।
याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म के मेकर्स जानबूझकर सलमान खान की छवि और लोकप्रियता का इस्तेमाल कर फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं। अभिनेता की ओर से इसे उनके पब्लिसिटी और पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन बताया गया है।
चल रहे केस पर असर पड़ने की जताई आशंका
सलमान खान की टीम ने कोर्ट में यह भी कहा है कि फिल्म की रिलीज से चल रही कानूनी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा फिल्म उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। इसी वजह से उन्होंने फिल्म के निर्माण, प्रमोशन, रिलीज और स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग की है।

अब सबकी नजर दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हुई है कि कोर्ट इस मामले में क्या रुख अपनाता है।
टीजर में बदले गए किरदारों के नाम
फिल्म के मेकर्स ने विवाद से बचने के लिए किरदारों के नाम बदल दिए हैं। टीजर में जिस व्यक्ति पर शिकार का आरोप है उसका नाम अयान खान रखा गया है, जबकि गैंगस्टर के किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया गया है।
हालांकि, दर्शकों का मानना है कि फिल्म की कहानी और कई दृश्य वास्तविक घटनाओं से काफी मिलते-जुलते नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि टीजर रिलीज के बाद से ही यह फिल्म विवादों में घिर गई है।

