देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर इंटरनेशनल स्क्रीन पर अपने दमदार अंदाज में वापसी कर रही हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज Citadel के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। इस बार प्रियंका अपने पावरफुल किरदार एजेंट नादिया सिंह के रूप में पहले से ज्यादा खतरनाक मिशन पर नजर आ रही हैं।

ट्रेलर में क्या है खास?

Amazon Prime Video पर रिलीज हुए इस ट्रेलर में कहानी को और बड़े स्तर पर पेश किया गया है। पहले सीजन की सफलता के बाद अब सीजन 2 में दांव और भी ऊंचा है। ट्रेलर की शुरुआत एक नई साजिश से होती है, जिसमें टेक्नोलॉजी के जरिए इंसानी दिमाग को नियंत्रित करने की बात सामने आती है-जो कहानी को और दिलचस्प बना देती है।

इसी बीच एजेंट नादिया की एंट्री होती है, जो अपने जबरदस्त एक्शन और स्टाइल से स्क्रीन पर छा जाती हैं। ट्रेलर में उनके एक्शन सीक्वेंस के साथ-साथ ग्लैमरस अंदाज की भी झलक देखने को मिलती है, हालांकि मेकर्स ने उनके किरदार को पूरी तरह रिवील नहीं किया है।

पुरानी टीम के साथ नई रणनीति

सीरीज में रिचर्ड मैडेन और स्टैनली टुची भी अपने-अपने किरदारों में लौटे हैं। मेसन केन और बर्नार्ड ऑर्लिक के साथ मिलकर नादिया एक नए मिशन पर निकलती हैं। इस बार टीम में नए एजेंट्स भी शामिल किए गए हैं, जिससे कहानी में ताजगी और रोमांच दोनों बढ़ गए हैं।

पहले सीजन में Manticore नाम के संगठन ने जासूसों की टीम को तोड़ दिया था, जिसके बाद सभी अलग-अलग हो गए थे। लेकिन इस बार एक बड़े खतरे से दुनिया को बचाने के लिए पुरानी टीम फिर से एकजुट होती है और नई टीम के साथ मिलकर मिशन को अंजाम देने की तैयारी करती है।

रिलीज डेट और भाषाएं

Citadel Season 2 का यह नया सीजन 6 मई को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। भारत में दर्शक इसे हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में देख सकेंगे।

Priyanka Chopra Profile
छवि स्रोत: X

ट्रेलर को फैंस का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, हालांकि हिंदी वर्जन में प्रियंका की डबिंग किसी और कलाकार ने की है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा भी जारी है।

क्यों खास है ‘सिटाडेल 2’?

‘सिटाडेल 2’ सिर्फ एक स्पाई थ्रिलर नहीं, बल्कि ग्लोबल लेवल पर बनी एक हाई-बजट सीरीज है, जिसमें एक्शन, टेक्नोलॉजी और इमोशनल ड्रामा का दमदार मिश्रण देखने को मिलेगा। प्रियंका चोपड़ा की दमदार मौजूदगी इसे भारतीय दर्शकों के लिए और भी खास बनाती है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह सीजन पहले सीजन से भी ज्यादा धमाका कर पाता है या नहीं।