इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' अब सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। लंबे इंतजार के बाद फिल्म ने सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट जारी किया है। इसके साथ ही बोर्ड ने कुछ जरूरी बदलावों के बाद फिल्म को रिलीज की मंजूरी दे दी है।
19 साल बाद लौट रही है 'आवारापन' की कहानी
साल 2007 में रिलीज हुई 'आवारापन' ने समय के साथ एक अलग फैन फॉलोइंग बना ली थी। अब करीब 19 साल बाद इसका सीक्वल दर्शकों के सामने आने जा रहा है। फिल्म में एक बार फिर इमरान हाशमी अपने चर्चित किरदार शिवम के रूप में नजर आएंगे। उनके साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिलने से इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।

यह भी पढ़ें- Awarapan 2 Teaser: 19 साल बाद लौटे इमरान हाशमी
CBFC ने दिया UA 16+ सर्टिफिकेट
CBFC ने 5 अगस्त को फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट जारी किया। इसका मतलब है कि 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शक फिल्म देख सकते हैं। बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार, 'आवारापन 2' का कुल रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट रखा गया है, जो पहली फिल्म के रनटाइम से थोड़ा अधिक है।
फिल्म में किए गए 9 बदलाव
सर्टिफिकेशन के साथ सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ संशोधन भी करवाए हैं। कुल 9 बदलावों के बाद फिल्म को मंजूरी मिली है।
बोर्ड की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुसार:
- ड्रग्स के इस्तेमाल से जुड़ा आवश्यक डिस्क्लेमर जोड़ा गया।
- बच्चों की तस्करी से संबंधित चेतावनी भी शामिल करने को कहा गया।
- ऑडियो और सबटाइटल में मौजूद कुछ आपत्तिजनक शब्दों को बदलने का निर्देश दिया गया।
- एक हिंसक दृश्य की तीव्रता लगभग 50 प्रतिशत तक कम कराई गई।
- ड्रग्स सेवन से जुड़े एक दृश्य में भी संशोधन किया गया।
- फिल्म के एंड क्रेडिट्स में भी कुछ बदलाव किए गए।
इन बदलावों के बाद फिल्म को आधिकारिक रूप से रिलीज की अनुमति मिल गई।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
निर्देशक नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी 'आवारापन 2' 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म रोमांस, एक्शन और थ्रिलर का मिश्रण बताई जा रही है।
पहली 'आवारापन' भले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी थी, लेकिन वर्षों बाद उसे कल्ट फिल्म का दर्जा मिला। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या 'आवारापन 2' दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरकर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दर्ज कर पाएगी।
यह भी पढ़ें- आवारापन 2 के लिए 12 गाने ठुकराने के बाद आमाल मलिक ने चुना एक गीत

