हॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर Christopher Nolan एक बार फिर अपनी भव्य और विजुअली शानदार फिल्म के साथ दर्शकों के सामने आने वाले हैं। उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म The Odyssey का नया ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। ग्रीक मायथोलॉजी पर आधारित इस फिल्म को लेकर लंबे समय से चर्चा थी और अब ट्रेलर ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

ट्रेलर में दिखी समंदर और युद्ध की भव्य दुनिया

फिल्म का नया ट्रेलर बेहद सिनेमैटिक अंदाज में शुरू होता है। विशाल समुद्र, युद्ध के दृश्य और भावनात्मक पलों के साथ कहानी आगे बढ़ती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि इथाका का राजा ओडिसियस ट्रॉय के युद्ध में दस साल बिताने के बाद अपने घर लौटने की कोशिश कर रहा है। रास्ते में उसे कई मुश्किलों और रहस्यमयी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

ट्रेलर में Matt Damon का किरदार बेहद दमदार नजर आ रहा है। वह अपने परिवार से मिलने की उम्मीद में संघर्ष करता दिखाई देता है। फिल्म में उसकी पत्नी पेनेलोप का किरदार Anne Hathaway निभा रही हैं, जबकि बेटे टेलीमेकस के रोल में Tom Holland नजर आएंगे।

सोशल मीडिया पर ट्रेलर को लेकर बहस

जहां एक तरफ ट्रेलर की विजुअल क्वालिटी और स्केल की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं कुछ लोग इसके डायलॉग्स को लेकर आलोचना भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें टॉम हॉलैंड का किरदार कहता सुनाई देता है कि “My daddy is coming home.”

The Odyssey Profile
Image Source: X

कुछ यूजर्स का कहना है कि इतनी पुरानी ग्रीक मायथोलॉजी पर आधारित कहानी में आधुनिक और जेन-जी स्टाइल के शब्द अटपटे लगते हैं। हालांकि, बड़ी संख्या में दर्शक इसे फिल्म के भावनात्मक पहलू से जोड़कर देख रहे हैं।

रियल लोकेशन्स पर हुई शूटिंग

क्रिस्टोफर नोलन अपनी फिल्मों में वास्तविक लोकेशन्स और प्रैक्टिकल शूटिंग के लिए जाने जाते हैं। The Odyssey की शूटिंग भी कई देशों में की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को सात अलग-अलग देशों में शूट किया गया है। खुले समुद्र में फिल्म के कई बड़े सीक्वेंस महीनों तक फिल्माए गए ताकि कहानी को ज्यादा वास्तविक बनाया जा सके।

इसके अलावा फिल्म में खास तरह के कैमरों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बड़े पर्दे पर इसका विजुअल अनुभव और भी शानदार होने वाला है।

स्टारकास्ट ने बढ़ाया फिल्म का क्रेज

फिल्म में Zendaya, Robert Pattinson और Charlize Theron जैसे बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यही वजह है कि फिल्म को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त चर्चा हो रही है।

The Odyssey Profile
Image Source: X

कब रिलीज होगी फिल्म?

The Odyssey 17 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। ट्रेलर देखने के बाद इतना तय माना जा रहा है कि क्रिस्टोफर नोलन एक बार फिर दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक अलग और भव्य सिनेमाई अनुभव देने वाले हैं।

The Odyssey Profile
Image Source: X