क्रिस्टोफर नोलन की आगामी फिल्म 'द ओडिसी' अपनी भव्यता, बड़े बजट और शानदार स्टारकास्ट के कारण पहले से ही चर्चा में है। हालांकि, अब फिल्म के एक खास दृश्य ने भारतीय दर्शकों के बीच संस्कृति और पौराणिक कथाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
फिल्म में पेनेलोप का किरदार निभा रहीं ऐन हैथवे और ओडीसियस की भूमिका में नजर आने वाले मैट डेमन से जुड़ा एक बो चैलेंज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई भारतीय दर्शकों ने इस दृश्य की तुलना रामायण में सीता के स्वयंवर से की है।
'द ओडिसी' के बो चैलेंज ने याद दिलाया सीता का स्वयंवर

फिल्म में पेनेलोप के सामने विवाह के इच्छुक लोगों को ओडीसियस के धनुष से जुड़ी एक कठिन चुनौती का सामना करना पड़ता है। यह धनुष सिर्फ ताकत की परीक्षा नहीं, बल्कि पहचान और कहानी के एक महत्वपूर्ण मोड़ से भी जुड़ा हुआ है।
इस दृश्य को देखने के बाद कई भारतीय दर्शकों को तुरंत रामायण में सीता के स्वयंवर की याद आ गई, जहां राजा जनक ने घोषणा की थी कि जो भी भगवान शिव के महान धनुष को उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ा सकेगा, वही सीता का वर बनेगा।
भगवान राम के धनुष वाले प्रसंग से दिखी समानता
रामायण के अनुसार, कई शक्तिशाली राजाओं ने इस चुनौती को पूरा करने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद भगवान राम ने शिव धनुष को उठाया और उस पर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास करते हुए उसे तोड़ दिया।
दर्शकों ने दोनों प्रसंगों में एक समानता देखी है—कई शक्तिशाली दावेदार एक पौराणिक या विशेष धनुष को नियंत्रित करने में असफल होते हैं, जबकि कहानी का नायक इस चुनौती को पूरा करने में सफल रहता है।
संयोग या रामायण से प्रेरणा? इंटरनेट पर बहस

इस समानता को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ यूजर्स को दोनों कहानियों के बीच यह समानता बेहद दिलचस्प लग रही है, खासकर क्योंकि दोनों ही प्रसंगों में धनुष से जुड़ी चुनौती एक महिला और उसके संभावित नायक के संबंध से जुड़ी है।
हालांकि, कुछ लोगों ने रामायण से सीधे प्रेरणा लेने की बात कहने से बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि 'द ओडिसी' होमर की प्राचीन ग्रीक महाकाव्य पर आधारित है, जिसमें धनुष से जुड़ी चुनौती पहले से ही कहानी का हिस्सा है।
'द ओडिसी' और रामायण की तुलना ने बढ़ाई दिलचस्पी
यह समानता जानबूझकर दिखाई गई है या महज एक संयोग है, यह कहना अभी संभव नहीं है। लेकिन इस तुलना ने दो प्राचीन सभ्यताओं के महान महाकाव्यों के बीच एक दिलचस्प चर्चा जरूर शुरू कर दी है।
रामायण और 'द ओडिसी' दोनों ही हजारों साल बाद भी दुनिया भर की कहानियों और फिल्मों को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में क्रिस्टोफर नोलन की इस ग्रीक महाकाव्य पर आधारित फिल्म ने रिलीज से पहले ही भारतीय दर्शकों के बीच एक नई सांस्कृतिक बहस को जन्म दे दिया है।

