ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नई फिल्मों और वेब सीरीज की भरमार के बीच अब अमेजन प्राइम वीडियो अपनी नई ओरिजिनल फिल्म ‘सिस्टम’ लेकर आ रहा है। हाल ही में इस कोर्टरूम थ्रिलर फिल्म का दमदार ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म में सत्ता, प्रभाव और न्याय के बीच चलने वाली तीखी लड़ाई को दिखाया गया है।

सोनाक्षी सिन्हा निभा रही हैं वकील का किरदार

फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा ने नेहा नाम की एक महत्वाकांक्षी वकील का किरदार निभाया है। ट्रेलर की शुरुआत नेहा से होती है, जिसे अपने पिता और मशहूर लॉ फर्म मालिक का भरोसा जीतने के लिए खुद को साबित करना पड़ता है। उसके पिता का किरदार आशुतोष गोवारिकर निभा रहे हैं।

नेहा को साफ तौर पर कहा जाता है कि अगर उसे फर्म में पार्टनर बनना है तो उसे एक मुश्किल केस जीतकर दिखाना होगा। यही चुनौती उसके करियर की सबसे बड़ी परीक्षा बन जाती है।

Sonakshi Sinha Profile
Image Source: X

ज्योतिका की एंट्री से कहानी में बढ़ता है सस्पेंस

अपने मिशन को पूरा करने के लिए नेहा साथ लाती है सारिका को, जिसका किरदार ज्योतिका निभा रही हैं। सारिका एक तेज-तर्रार कोर्टरूम स्टेनोग्राफर है, लेकिन उसके अपने कुछ छिपे हुए इरादे भी हैं। ट्रेलर में दोनों किरदारों के बीच की केमिस्ट्री और टकराव कहानी को और दिलचस्प बना देते हैं।

Jyothika Profile
Image Source: X

कोर्टरूम ड्रामा और दमदार डायलॉग्स ने जीता ध्यान

‘सिस्टम’ का ट्रेलर तेज रफ्तार कोर्टरूम बहसों, पारिवारिक तनाव, राजनीतिक दबाव और कई इमोशनल पलों से भरपूर नजर आता है। फिल्म के डायलॉग्स और बैकग्राउंड स्कोर ट्रेलर को और प्रभावशाली बनाते हैं।

ट्रेलर एक बड़ा सवाल भी छोड़ जाता है कि क्या ऐसे सिस्टम में, जहां ताकत और प्रभाव सच से ज्यादा मायने रखते हैं, वहां न्याय सच में जिंदा है या नहीं।

अश्विनी अय्यर तिवारी ने संभाला निर्देशन

फिल्म का निर्देशन अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया है। वहीं पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और स्मिता बालिगा इसके निर्माता हैं। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पर हरमन बावेजा, अरुण सुकुमार, अश्विनी अय्यर तिवारी, तसनीम लोखंडवाला और अक्षत घिल्डियाल ने काम किया है।

ये कलाकार भी आएंगे नजर

फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा, ज्योतिका और आशुतोष गोवारिकर के अलावा प्रीति अग्रवाल, अदिनाथ कोठारे, आश्रिया मिश्रा, गौरव पांडे और सयानदीप सेनगुप्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

System Profile
Image Source: X

कब और कहां रिलीज होगी फिल्म?

कोर्टरूम ड्रामा और सस्पेंस से भरपूर ‘सिस्टम’ 22 मई को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। ट्रेलर को देखने के बाद फैंस अब फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।