हॉलीवुड में कम बजट में बनी फिल्मों के हिट होने की कहानियां अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन 2026 में निर्देशक करी बार्कर की फिल्म ‘ऑब्सेशन’ ने सफलता के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस हॉरर-रोमांस फिल्म ने अपनी रिलीज के बाद ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर ऐसा धमाका किया कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री हैरान रह गई।

महज 26 साल के यूट्यूब क्रिएटर और फिल्ममेकर करी बार्कर ने इस फिल्म को सिर्फ 750,000 डॉलर (करीब 7.12 करोड़ रुपये) के बेहद सीमित बजट में तैयार किया था। इतने कम खर्च में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 224.7 मिलियन डॉलर (लगभग 1900 करोड़ रुपये से ज्यादा) की कमाई कर सबको चौंका दिया।

सिर्फ तीन लोकेशंस में पूरी शूटिंग

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका लो-बजट प्रोडक्शन स्टाइल रहा। लागत कम रखने के लिए शूटिंग को बेहद सीमित जगहों तक ही रखा गया। पूरी फिल्म केवल तीन जगहों पर फिल्माई गई-एक साधारण घर के दो कमरे, एक कार का इंटीरियर और एक छोटी दुकान। किसी भी तरह की विदेशी या भव्य लोकेशन का इस्तेमाल नहीं किया गया, जिससे प्रोडक्शन खर्च काफी कम रहा।

Obsession Profile
Image Source: X

बड़े स्टार्स और VFX से दूरी

‘ऑब्सेशन’ में किसी बड़े हॉलीवुड स्टार को शामिल नहीं किया गया। मुख्य भूमिकाएं माइकल जॉनस्टन और इंडे नवारटे ने निभाईं। फिल्म में महंगे विजुअल इफेक्ट्स या भारी-भरकम प्रोडक्शन डिजाइन का सहारा भी नहीं लिया गया। इसकी कहानी पूरी तरह किरदारों की परफॉर्मेंस और सस्पेंस पर आधारित रही, जिसने दर्शकों को बांधे रखा।

डायरेक्टर ने खुद संभाला पूरा काम

करी बार्कर ने इस फिल्म को लगभग एक वन-मैन शो की तरह तैयार किया। उन्होंने न सिर्फ कहानी लिखी और निर्देशन किया, बल्कि एडिटिंग का काम भी खुद ही संभाला। उनके एडिटिंग स्टाइल ने फिल्म को एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर जैसा प्रभाव दिया, जिससे दर्शकों को किरदारों की मानसिक स्थिति गहराई से महसूस हुई।

Obsession Profile
Image Source: X

साउंड और लाइटिंग का स्मार्ट इस्तेमाल

फिल्म में महंगे लाइटिंग सेटअप की जगह सिंगल-सोर्स लाइटिंग का इस्तेमाल किया गया। इससे पूरे सीन में एक डार्क और इंटेंस माहौल बना रहा। साउंड डिजाइन भी बेहद साधारण लेकिन प्रभावशाली रखा गया-जैसे दरवाजे की आवाज, धीमी हंसी और दिल की धड़कन को रिदमिक तरीके से इस्तेमाल करके हॉरर का असर बढ़ाया गया।

बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता

टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) के मिडनाइट सेक्शन में प्रीमियर के बाद फिल्म को फोकस फीचर्स ने लगभग 15 मिलियन डॉलर में खरीद लिया था। 15 मई 2026 को रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने लगातार तीन-चार हफ्तों तक मजबूत प्रदर्शन किया और कंपनी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।

फिल्म की अनोखी मेकिंग और सफलता की वजह से इसे इंडस्ट्री में एक केस स्टडी की तरह देखा जा रहा है। यहां तक कि भारतीय निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने भी इसकी क्रिएटिव तकनीक और लो-बजट फिल्ममेकिंग की जमकर तारीफ की है।

‘ऑब्सेशन’ यह साबित करती है कि मजबूत कहानी, क्रिएटिव सोच और सीमित संसाधनों के सही इस्तेमाल से भी ग्लोबल स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।