ओटीटी प्लेटफॉर्म की दुनिया में Netflix ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित कर दी है। कंपनी ने हाल ही में पिछले 10 वर्षों के निवेश, मुनाफे और वैश्विक प्रभाव से जुड़े आंकड़े साझा किए हैं, जिनसे साफ पता चलता है कि डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया में नेटफ्लिक्स ने किस तरह अपनी मजबूत पकड़ बनाई है।

कंपनी के मुताबिक साल 2016 से 2026 के बीच नेटफ्लिक्स ने फिल्मों, वेब सीरीज और दूसरे एंटरटेनमेंट कंटेंट पर 135 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 13 लाख करोड़ रुपये के आसपास बैठती है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि बीते दशक में ऑनलाइन स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री कितनी तेजी से आगे बढ़ी है।

कंटेंट पर भारी निवेश से मिला बड़ा फायदा

मनोरंजन कंटेंट पर भारी खर्च करने के बाद नेटफ्लिक्स को जबरदस्त फायदा भी हुआ है। कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में उसने करीब 20 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा कमाया।

इतना ही नहीं, नेटफ्लिक्स का दावा है कि उसकी गतिविधियों से वैश्विक अर्थव्यवस्था में 325 बिलियन डॉलर यानी करीब 31 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का योगदान हुआ। इसके अलावा प्रोडक्शन और एंटरटेनमेंट सेक्टर में 4 लाख 25 हजार से ज्यादा नौकरियां भी पैदा हुईं।

Netflix Profile
Image Source: X

इन आंकड़ों से साफ है कि नेटफ्लिक्स सिर्फ एक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नहीं रहा, बल्कि उसने मनोरंजन इंडस्ट्री को बड़े स्तर पर आर्थिक मजबूती भी दी है।

गैर-इंग्लिश कंटेंट ने बदली तस्वीर

नेटफ्लिक्स ने अपने बयान में यह भी बताया कि अब सिर्फ इंग्लिश फिल्में और सीरीज ही दर्शकों की पहली पसंद नहीं हैं। दूसरी भाषाओं के शोज और फिल्मों की लोकप्रियता में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी के अनुसार, वर्तमान में नेटफ्लिक्स पर देखे जाने वाले कुल कंटेंट का एक-तिहाई हिस्सा गैर-इंग्लिश भाषाओं का है। जबकि करीब एक दशक पहले यह हिस्सा 10 प्रतिशत से भी कम था।

इस बदलाव ने साबित कर दिया है कि दर्शक अब अलग-अलग देशों और भाषाओं की कहानियों को भी पसंद कर रहे हैं।

इन इंटरनेशनल शोज ने दिलाई ग्लोबल पहचान

नेटफ्लिक्स ने उन इंटरनेशनल शोज का भी जिक्र किया, जिन्होंने प्लेटफॉर्म को दुनियाभर में नई पहचान दिलाई। इसमें स्पेनिश सीरीज Money Heist, कोरियन सर्वाइवल ड्रामा Squid Game और K-Pop Demon Hunters जैसे नाम शामिल हैं।

Netflix Profile
Image Source: X

इन शोज ने यह साबित किया कि अच्छी कहानी और दमदार प्रस्तुति भाषा की सीमाओं को आसानी से पार कर सकती है। यही वजह है कि नेटफ्लिक्स आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स में शामिल है।