यामी गौतम एक बार फिर पर्दे पर कुछ अलग और दिलचस्प लेकर आने वाली हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'नयी नवेली' (Nayyi Navelli) का टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर सामने आते ही फिल्म की कहानी, यामी का अनोखा किरदार और हॉरर-कॉमेडी का मजेदार अंदाज चर्चा में आ गया है। इस बार अभिनेत्री एक ऐसी बहू के किरदार में दिखाई देंगी, जिसके बारे में परिवार में ही एक हैरान कर देने वाला राज सामने आता है।

रिलीज हुआ 'नयी नवेली' का टीजर

फिल्म का टीजर एक सामान्य पारिवारिक माहौल से शुरू होता है। यामी गौतम इसमें मोहिनी नाम की बहू का किरदार निभा रही हैं। शुरुआत में उनका किरदार बेहद साधारण नजर आता है, लेकिन कहानी उस वक्त पूरी तरह पलट जाती है, जब उनके जीजा उन पर डायन होने का आरोप लगा देते हैं।

इसके बाद टीजर में यामी का एक बिल्कुल अलग और दमदार रूप देखने को मिलता है। उनका किरदार खुद को ऐसी खतरनाक डायन के तौर पर पेश करता है, जिसके सामने दो डायन, तीन पिशाच और चार भूत भी नाश्ते के बराबर हैं। यह मजेदार डायलॉग फिल्म के हॉरर और कॉमेडी वाले अंदाज की झलक देता है।

टीजर में आदिनाथ एम. कोठारे भी नजर आते हैं, जो यामी के पति की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में परिवार, रहस्य और अलौकिक घटनाओं के साथ कॉमेडी का तड़का भी देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि फिल्म की झलक इसे सामान्य हॉरर फिल्मों से कुछ अलग बनाती है।

यह भी पढ़ें- पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु ने मिर्जापुर के फैंस को कहा शुक्रिया

हॉरर के साथ कॉमेडी का लगेगा तड़का

'नयी नवेली' का टीजर देखने पर हॉरर-कॉमेडी जॉनर की कुछ चर्चित फिल्मों की याद जरूर आ सकती है, लेकिन फिल्म की कहानी अपनी अलग दुनिया बनाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। एक परिवार में नई बहू के आने और उसके डायन होने के दावे के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी में कई मजेदार और डरावने मोड़ देखने को मिल सकते हैं।

यामी गौतम का किरदार इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत नजर आ रहा है। अभिनेत्री इससे पहले भी अलग-अलग तरह के किरदारों में अपनी एक्टिंग का दम दिखा चुकी हैं और अब 'नयी नवेली' में उनका यह नया अवतार दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।

Nayyi Navelli Profile
Image Source: X

आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने संभाली प्रोडक्शन की कमान

'नयी नवेली' को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। मेकर्स ने कहानी में हॉरर, कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनमेंट को एक साथ पिरोने की कोशिश की है।

फिल्म में यामी गौतम और आदिनाथ एम. कोठारे के अलावा अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी, सोनल झा, सुनील सिन्हा, प्रतीक पचौरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे, अजय पाल और नीरज सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

दशहरा पर सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

'नयी नवेली' के लिए मेकर्स ने दशहरा का खास मौका चुना है। यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में त्योहार के दौरान दर्शकों को हॉरर और कॉमेडी से भरपूर यह फैमिली एंटरटेनर देखने को मिलेगा।

टीजर में यामी गौतम का डायन वाला अंदाज और फिल्म की अनोखी कहानी ने अभी से दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 16 अक्टूबर को 'नयी नवेली' दर्शकों को कितना एंटरटेन कर पाती है।

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर द मूवी का भौकाल, हनुमान अंश को पछाड़ा