भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री के गाने अक्सर रिलीज होते ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर छा जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भोजपुरी गानों की लोकप्रियता देश ही नहीं बल्कि विदेशों में रहने वाले दर्शकों के बीच भी तेजी से बढ़ी है। इसी कड़ी में खेसारी लाल यादव और आम्रपाली दुबे का एक सुपरहिट गाना लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 62 करोड़ (622 मिलियन) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता का सबूत है।
'पलंग सागवान के' ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
साल 2022 में रिलीज हुआ 'पलंग सागवान के' भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित गानों में शामिल है। यह गाना फिल्म 'डोली सजा के रखना' का हिस्सा है। रिलीज के बाद से ही इसकी धुन, एनर्जी और खेसारी लाल यादव व आम्रपाली दुबे की शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
शादी-ब्याह से लेकर पार्टियों तक इस गाने की धुन पर लोग जमकर डांस करते नजर आते हैं। यही वजह है कि वर्षों बाद भी इसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है और यह लगातार करोड़ों व्यूज बटोर रहा है।
खेसारी और आम्रपाली की जोड़ी ने जीता दिल
भोजपुरी सिनेमा में खेसारी लाल यादव और आम्रपाली दुबे की जोड़ी को सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिना जाता है। 'पलंग सागवान के' में दोनों की कैमिस्ट्री और दमदार डांस परफॉर्मेंस ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। यही कारण है कि यह गाना रिलीज के तुरंत बाद वायरल हो गया और आज भी यूट्यूब पर लगातार देखा जा रहा है।
गाने की टीम भी रही खास
इस सुपरहिट गाने के बोल सुमित सिंह चंद्रवंशी ने लिखे हैं। वहीं इसे अपनी आवाज दी है खेसारी लाल यादव और इंदू सोनाली ने। दोनों गायकों की दमदार सिंगिंग और गाने का कैची म्यूजिक इसकी सफलता की बड़ी वजह मानी जाती है।
'डोली सजा के रखना' का लोकप्रिय ट्रैक
'पलंग सागवान के' भोजपुरी फिल्म 'डोली सजा के रखना' का हिस्सा है, जिसका निर्देशन रजनीश मिश्रा ने किया था। फिल्म में खेसारी लाल यादव और आम्रपाली दुबे के अलावा रक्षा गुप्ता, विनोद मिश्रा, अनूप अरोड़ा, समर्थ चतुर्वेदी, अयाज खान, रीना रानी, बीना पांडे, विद्या सिंह, साहब लालधारी, अखिलेश कुमार, संतोष पहलवान और फलक नाज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

भोजपुरी इंडस्ट्री में लगातार बढ़ रही लोकप्रियता
भोजपुरी गानों को लेकर समय-समय पर बोल्ड कंटेंट और डबल मीनिंग लिरिक्स को लेकर बहस जरूर होती रही है, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों के बीच इन गानों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। यूट्यूब पर करोड़ों व्यूज हासिल करने वाले गाने इस बात का प्रमाण हैं कि भोजपुरी संगीत की पहुंच पहले से कहीं ज्यादा व्यापक हो चुकी है।
इन फिल्मों में भी दिखी सुपरहिट जोड़ी
खेसारी लाल यादव और आम्रपाली दुबे कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। 'डोली सजा के रखना' के अलावा दोनों की जोड़ी 'मेहंदी लगाके रखना 3', 'आशिकी' और 'दुल्हन गंगा पार के' जैसी फिल्मों में भी दर्शकों को खूब पसंद आई। दोनों की स्क्रीन प्रेजेंस और रोमांटिक केमिस्ट्री आज भी भोजपुरी दर्शकों के बीच खास पहचान रखती है।

