थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित और कथित तौर पर आखिरी फिल्म 'जन नायकन' (Jana Nayagan) बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले दिन धमाकेदार शुरुआत करने के बाद फिल्म ने दूसरे दिन भी घरेलू और विदेशी बाजार में मजबूत पकड़ बनाए रखी। खास बात यह है कि सीमित प्रमोशन के बावजूद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
दूसरे दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन?
23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर ने पहले दिन शानदार ओपनिंग दर्ज की थी। दूसरे दिन कमाई में सामान्य गिरावट देखने को मिली, लेकिन फिल्म ने फिर भी मजबूत आंकड़े हासिल किए।
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, 'जन नायकन' ने दूसरे दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 21 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन किया, जबकि पहले दिन फिल्म ने करीब 42 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दो दिनों में फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 63.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

विदेशी बाजार में भी दिखा विजय का जलवा
घरेलू बाजार के साथ-साथ ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है। दूसरे दिन विदेशों में फिल्म ने करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही दो दिनों में फिल्म का कुल ओवरसीज कलेक्शन 37.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विजय की लोकप्रियता का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में साफ देखने को मिल रहा है, जहां फिल्म को तमिल दर्शकों के साथ-साथ अन्य भारतीय दर्शकों का भी अच्छा समर्थन मिल रहा है।
दो दिन में 100 करोड़ क्लब में एंट्री
घरेलू और विदेशी कमाई को मिलाकर 'जन नायकन' ने सिर्फ दो दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
- घरेलू नेट कलेक्शन: 63.85 करोड़ रुपये
- घरेलू ग्रॉस कलेक्शन: लगभग 75 करोड़ रुपये
- ओवरसीज कलेक्शन: 37.50 करोड़ रुपये
- वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन: लगभग 112.50 करोड़ रुपये
इन आंकड़ों के साथ फिल्म ने शुरुआती दो दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।

क्या है 'जन नायकन' की कहानी?
'जन नायकन' एक पॉलिटिकल एक्शन-थ्रिलर है, जिसमें विजय ने वेट्री कोंडन नाम के किरदार को निभाया है। वह कभी एक ईमानदार पुलिस अधिकारी होता है, लेकिन परिस्थितियों के चलते जेल की सजा काटता है। जेल से बाहर आने के बाद वह अपने दिवंगत मित्र की बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाता है। इसी दौरान उसका सामना एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर और भ्रष्ट व्यवस्था से होता है। फिल्म में एक्शन, राजनीति, इमोशन और सामाजिक मुद्दों का मिश्रण देखने को मिलता है।
फिल्म की मजबूत स्टारकास्ट, दमदार एक्शन और विजय के प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस की वजह से दर्शकों का उत्साह लगातार बना हुआ है। अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं, जहां फिल्म के और बड़ी छलांग लगाने की उम्मीद की जा रही है।

