एक हवेली, एक डिनर पार्टी और एक डार्क मजाक… इन तीन चीजों के इर्द-गिर्द घूमती फिल्म 'लॉर्ड कर्जन की हवेली' अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। सिनेमाघरों में रिलीज के करीब सात महीने बाद यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। मिस्ट्री और सस्पेंस से भरपूर यह कहानी दर्शकों को आखिर तक बांधे रखती है।
फिल्म फेस्टिवल में मिला था शानदार रिस्पॉन्स
'लॉर्ड कर्जन की हवेली' का प्रीमियर इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में किया गया था। वहां फिल्म की यूनिक स्टोरीलाइन और डार्क ह्यूमर की काफी चर्चा हुई थी। इसके बाद फिल्म अक्टूबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जहां इसे क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला।

बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला जादू
हालांकि फिल्म की कहानी अलग थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह ज्यादा कमाल नहीं दिखा सकी। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की कुल कमाई एक करोड़ रुपये से भी कम रही। बावजूद इसके, ओटीटी दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता लगातार बनी हुई है।
कब और कहां देखें फिल्म?
अब मेकर्स ने फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। 'लॉर्ड कर्जन की हवेली' 30 मई 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। प्लेटफॉर्म ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “एक डिनर पार्टी और इतना भी मासूम मजाक नहीं।”
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी चार दोस्तों के आसपास घूमती है, जो एक डिनर पार्टी के लिए हवेली में इकट्ठा होते हैं। बातचीत और मजाक-मस्ती के बीच रोहित नाम का एक दोस्त अचानक कहता है कि उसके ट्रंक में एक लाश है। शुरुआत में सब इसे मजाक समझते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यह मजाक उनकी जिंदगी की सबसे डरावनी रात में बदल जाता है।
फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में रसिका दुग्गल, अर्जुन माथुर, जोहा रहमान, परेश पाहूजा और तन्मय धनानिया अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सस्पेंस और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म एक दिलचस्प विकल्प साबित हो सकती है।

