‘बिग बॉस’ के घर में इस बार कैप्टंसी टास्क ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया है। ‘डॉली कैप्टंसी टास्क’ के दौरान कंटेस्टेंट्स को एक-दूसरे के लिए ऐसे मजेदार टास्क चुनने पड़े, जिनमें हंसी-मजाक के साथ खूब ड्रामा भी देखने को मिला। वहीं, गुल्लू लगातार चौथी बार कप्तानी के दावेदार बनकर नया रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहे। दूसरी तरफ, कप्तानी की रेस के बाद रीति तिवारी को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है।

बिग बॉस के घर में पैर दबाने से शुरू हुआ मजेदार सिलसिला

कैप्टंसी टास्क से पहले घर में कई मजेदार पल देखने को मिले। स्काउट ने अमन के पैर दबाए, जिससे उन्हें काफी आराम महसूस हुआ। यह देखकर काजी ने भी मजाकिया अंदाज में अपना पैर आगे कर दिया। काजी ने खुद को ‘बेस्ट गेमर’ बताते हुए कहा कि लोग उनके गेम को लेकर क्या बातें कर रहे होंगे।

मॉर्निंग सॉन्ग के बाद रीति ने कनिका को गोद में उठाकर डांस किया। वहीं, घर में दोस्ती और भरोसे को लेकर भी कंटेस्टेंट्स के बीच बातचीत जारी रही।

आम्रपाली ने गुल्लू से कहा- काजी पर नहीं है भरोसा

आम्रपाली ने गुल्लू के सामने काजी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह काजी पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर पाती हैं।

दूसरी तरफ, काजी ने अरिश्फा से कुछ सवाल किया तो उन्होंने उन्हें मजेदार अंदाज में अपने नए दोस्तों से सीखने की सलाह दी। अरिश्फा की बात सुनकर माही भी हंस पड़ीं।

माही ने खोली किचन पॉलिटिक्स की पोल

घर में खाने को लेकर विवाद ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। माही ने किचन में हो रही कथित राजनीति पर नाराजगी जताई। उन्होंने गुल्लू के पकौड़े खाने और कनिका को देने का मुद्दा उठाया।

माही ने साफ कहा कि अब वह खुद किचन में जाएंगी, अपना खाना बनाएंगी और बिना किसी दबाव के खाएंगी। उन्होंने कहा कि वह पूरे आत्मविश्वास के साथ किचन में घूमेंगी।

आम्रपाली ने इस दौरान मैरी कॉम को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि उन पर पक्षपात करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

कनिका को घी खाते देख फिर भड़कीं माही

खाने को लेकर विवाद उस समय और बढ़ गया जब कनिका को घी खाते हुए देखा गया। अरिश्फा ने उदिति और माही को यह बात बताई। इसके बाद माही मैरी कॉम से इस मुद्दे पर बात करने पहुंच गईं।

मैरी कॉम ने सफाई देते हुए कहा कि कनिका और गुल्लू ने खुद खाना लिया था और उन्होंने किसी को अलग से कुछ नहीं दिया। घी को लेकर भी माही और गुल्लू के बीच बातचीत देखने को मिली।

गुल्लू ने अरिश्फा के साथ मजाक करते हुए कहा कि उन्हें एक कटोरी घी पिला देना चाहिए। इस पर अरिश्फा ने कहा कि उनके लिए आधी रोटी ही काफी है।

यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20 Episode 24: राशन टास्क में क्यों मचा बवाल?

क्या है ‘डॉली कैप्टंसी टास्क’ का पूरा खेल?

इसके बाद बिग बॉस ने घरवालों को डॉली कैप्टंसी टास्क के नियम समझाए। डॉली बोल नहीं सकती थी और उसकी आवाज बनने का मौका उस महिला सदस्य को मिलना था जो माइक तक सबसे पहले पहुंचती।

डॉली के पास घर के पुरुष सदस्यों से अपनी पसंद के काम करवाने की पावर थी। इसके बाद शुरू हुआ टास्क का मजेदार दौर, जहां जीतने वाली महिला सदस्य को किसी पुरुष कंटेस्टेंट के लिए चुनौती चुनने का अधिकार मिला।

लवप्रीत ने काजी को दिए एक से बढ़कर एक टास्क

पहले राउंड में लवप्रीत ने जीत हासिल की और काजी को चुना। उन्होंने काजी को लड़का और लड़की दोनों की भूमिका निभाने के लिए कहा।

इसके बाद काजी को मेंढक की तरह कूदने, बर्तन धोने वाले पानी से हाथ धोने और आम्रपाली व कनिका की मालिश करने जैसे टास्क करने पड़े। उन्हें ‘बदन पे सितारे’ गाने पर डांस भी करना पड़ा।

इसके अलावा काजी को यंग के पैर पर वैक्स लगाने और अपने ही मिनिएचर को नष्ट करने की चुनौती दी गई। लवप्रीत ने कहा कि वह काजी को कप्तान के रूप में नहीं देखना चाहतीं।

काजी ने भी जवाब देते हुए कहा कि उनका समय आएगा और तब वह बड़ा धमाका करेंगे।

गुल्लू को आम्रपाली को शादी के लिए मनाना पड़ा

दूसरे राउंड में भी लवप्रीत ने जीत हासिल की। इस बार उन्होंने गुल्लू को टास्क दिया। गुल्लू को आम्रपाली को शादी के लिए मनाना पड़ा, जबकि कनिका और आसिफ ने परिवार के सदस्यों की भूमिका निभाई।

इसके बाद गुल्लू ने पोल डांस किया और ‘हाय गर्मी’ गाने पर डांस करके सभी का मनोरंजन किया। रीति ने गाना गाया, जबकि गुल्लू को अमन के मिनिएचर को नष्ट करने का टास्क दिया गया।

लगातार तीसरी जीत के बाद लवप्रीत ने यंग को बनाया निशाना

तीसरे राउंड में भी लवप्रीत ने बाजी मार ली। यह उनकी लगातार तीसरी जीत थी। इस पर अरिश्फा ने कहा कि अब किसी दूसरे कंटेस्टेंट को भी मौका मिलना चाहिए।

लवप्रीत ने यंग को चुनौती दी। यंग को पूल में कूदकर ‘ब्लू है पानी’ गाने पर डांस करना पड़ा। इसके बाद उन्हें गुल्लू के मिनिएचर को नष्ट करना था।

चौथे राउंड में अरिश्फा की हुई जीत

चौथे राउंड में अरिश्फा ने जीत दर्ज की। उन्होंने स्काउट को अपनी टी-शर्ट को क्रॉप टॉप में बदलने के लिए कहा, लेकिन स्काउट ने ऐसा करने से मना कर दिया।

इसके बाद माही ने स्काउट का मेकओवर किया। काजी ने ‘अफगानी जलेबी’ गाने पर डांस किया। आखिर में स्काउट को अपने ही मिनिएचर को हटाने का टास्क दिया गया।

गुल्लू ने लगातार चौथी बार बनाया कप्तानी का रिकॉर्ड

‘डॉली कैप्टंसी टास्क’ के दौरान गुल्लू एक बार फिर कप्तानी के दावेदार बन गए। लगातार चौथी बार कप्तानी की रेस में पहुंचना उनके गेम का अहम हिस्सा बन गया है।

अब कप्तानी की रेस में माही, उदिति और यंग भी महत्वपूर्ण दावेदार के तौर पर सामने आए हैं।

माही, उदिति और यंग ने लिया रीति किवारी का नाम

टास्क खत्म होने के बाद बिग बॉस ने माही, उदिति और यंग को बुलाया। बिग बॉस ने उनसे कहा कि घर के 11 सदस्य नॉमिनेट हैं, लेकिन इसके बावजूद किसी के चेहरे पर तनाव नजर नहीं आ रहा।

इसके बाद तीनों से एक बड़ा फैसला लेने को कहा गया। उन्हें अपने अलावा एक नॉमिनेटेड सदस्य का नाम चुनना था, जिसकी ‘लाइफ’ वे इस गेम में खत्म करना चाहते हैं।

आखिरकार माही, यंग और उदिति ने रीति किवारी का नाम लिया। तीनों ने बताया कि वह रीति को घर से बाहर करना चाहते हैं। अब यह फैसला आगे गेम में क्या नया मोड़ लाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20: गुल्लू की कैप्टंसी पर उठे सवाल, मचा बवाल