बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले वह उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ उनकी सास और मशहूर अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया भी नजर आईं।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अक्षय कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने लिए ही नहीं बल्कि देश, परिवार और अपने चाहने वालों के लिए भी प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि उनकी यही कामना है कि देश लगातार प्रगति करे और हमेशा आगे बढ़ता रहे।
‘भूत बंगला’ में क्या है खास? जानिए फिल्म की बड़ी वजहें
‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन जाने-माने फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी हवेली के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां डर और कॉमेडी का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा।

इस फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव और वामिका गब्बी जैसे बेहतरीन कलाकार नजर आएंगे। खास बात यह है कि अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव की सुपरहिट तिकड़ी करीब 14 साल बाद फिर से एक साथ बड़े पर्दे पर लौट रही है। इससे पहले इन तीनों ने फिल्म दे दना दन में दर्शकों को खूब हंसाया था।
चार बार बदली रिलीज डेट, आखिर कब सिनेमाघरों में आएगी फिल्म?
‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट कई बार बदली जा चुकी है, जिससे फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। शुरुआत में यह फिल्म 2 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसे 15 मई तक टाल दिया गया। इसके बाद 10 अप्रैल की नई तारीख सामने आई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के बढ़ते क्रेज को देखते हुए एक बार फिर बदलाव किया गया।
अब आखिरकार यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
#WATCH उज्जैन, मध्य प्रदेश: अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा, "पूरे देश और परिवार के लिए कामना की है। पूरी कामना की है कि हमारा देश हमेशा अव्वल रहे और हमेशा आगे बढ़ते रहे।" https://t.co/DekR5Nc0O8 pic.twitter.com/GcppVEL2zC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 1, 2026
क्यों बढ़ रहा है फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह?
अक्षय कुमार की शानदार कॉमिक टाइमिंग और प्रियदर्शन का बेहतरीन निर्देशन पहले भी कई हिट फिल्में दे चुका है। ऐसे में ‘भूत बंगला’ से दर्शकों को जबरदस्त मनोरंजन की उम्मीद है।
लंबे समय बाद हिट तिकड़ी की वापसी, हॉरर और कॉमेडी का अनोखा मेल और रिलीज डेट को लेकर लगातार हुए बदलाव-ये सभी कारण इस फिल्म को लेकर चर्चा और उत्साह को और बढ़ा रहे हैं। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।

