भोजपुरी इंडस्ट्री के फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज सामने आया है। भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे पहली बार एक साथ एक रियलिटी शो में नजर आने वाले हैं। पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी स्टारर शो ‘भोजपुरी बवाल’ का पहला प्रोमो रिलीज हो गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। इस शो में बिहार के चर्चित नेता तेज प्रताप यादव भी अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराते नजर आएंगे।
भोजपुरी इंडस्ट्री में यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि इतने बड़े कलाकार बिना किसी स्क्रिप्टेड अंदाज के एक साथ बैठकर अपनी जिंदगी, रिश्तों और पुराने विवादों पर खुलकर बात करते दिखाई देंगे। प्रोमो में सितारों के बीच हंसी-मजाक से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे तीखी बहस में बदलती नजर आती है।
डिनर टेबल पर खुलेंगे पुराने राज
‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो की शुरुआत एक शानदार डिनर सेटअप से होती है, जहां पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव साथ बैठे नजर आते हैं। शुरुआत में माहौल काफी मजेदार दिखाई देता है। सभी कलाकार हंसी-मजाक करते हुए अपनी बातें शेयर करते हैं।
इसी दौरान पवन सिंह, काजल राघवानी से उनकी जिंदगी में प्यार को लेकर सवाल करते हैं। इस पर काजल मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए पवन सिंह की ओर इशारा करती हैं। उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं।
लेकिन कुछ ही देर में शो का माहौल बदल जाता है और बातचीत पुराने मुद्दों तक पहुंच जाती है।

आम्रपाली दुबे पर काजल राघवानी का सवाल
प्रोमो का सबसे ज्यादा चर्चा वाला हिस्सा तब आता है, जब काजल राघवानी आम्रपाली दुबे से सवाल करती हैं कि क्या उनकी वजह से निरहुआ उनके साथ फिल्मों में काम नहीं करते। काजल के इस सवाल के बाद माहौल अचानक गंभीर हो जाता है।
निरहुआ इस बात पर नाराज नजर आते हैं और कहते हैं कि किसी पर सीधे आरोप लगाना सही नहीं है। इसके बाद बहस तेज हो जाती है और शो में मौजूद बाकी सितारे भी इस विवाद का हिस्सा बनते दिखाई देते हैं।
पवन सिंह भी इस बहस के दौरान काफी गुस्से में नजर आते हैं। वहीं आम्रपाली दुबे इस पूरे मामले को गलत बताते हुए नाराज होकर वहां से उठ जाती हैं। उनके बाद पवन सिंह और तेज प्रताप यादव भी डिनर टेबल छोड़ते हुए दिखाई देते हैं।

निरहुआ ने किया बड़ा दावा
प्रोमो के अंत में निरहुआ शो को लेकर बड़ा दावा करते नजर आते हैं। वह कहते हैं कि ‘भोजपुरी बवाल’ बिग बॉस जैसे बड़े रियलिटी शो को भी टक्कर दे सकता है। इस बयान के बाद फैंस के बीच शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
कब और कहां रिलीज होगा ‘भोजपुरी बवाल’?
भोजपुरी सितारों से सजा यह रियलिटी शो 2 अगस्त से जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर स्ट्रीम होगा और कलर्स टीवी पर भी प्रसारित किया जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि शो में सितारों के बीच की केमिस्ट्री दर्शकों को कितनी पसंद आती है और क्या यह भोजपुरी इंडस्ट्री का नया सबसे बड़ा रियलिटी शो बन पाता है।

